मॉडल्स के यौनशोषण का आरोपी अभिनेता हरप्रीत बावा।
फिल्मों में काम दिलाने के नाम पर लड़कियों का यौन शोषण करने के आरोप में साइबर क्राइम ब्रांच ने पंजाबी फिल्म के एक्टर हरप्रीत बावा को गिरफ्तार किया है।
वह दर्शन औलख प्रोडक्शन का नाम लेकर लड़कियों को फंसाता था। एक्टर दर्शन सिंह औलख की शिकायत पर ही जांच कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी दो दिन के पुलिस रिमांड पर है।
साइबर सेल के इंचार्ज हरिंदर सिंह शेखों ने बताया कि आरोपी हरप्रीत बावा (23) पंजाब के बरनाला का रहने वाला है। उसकी पंजाबी फिल्म आतंकवाद भी रिलीज होने वाली है। इससे पहले उसने कई पंजाब गानों की एलबम में काम किया है। हरप्रीत के पिता पंजाब पुलिस में हेडकांस्टेबल हैं।
ऐसे फंसा पुलिस के जाल में पुलिस ने बताया कि हरप्रीत पंजाबी फिल्मों के जाने माने एक्टर दर्शन सिंह औलख के प्रोडक्शन हाउस (दर्शन औलख प्रोडक्शन) के नाम का इस्तेमाल कर अपकमिंग मॉडल्स लड़कियों को फिल्मों में काम दिलाने का झांसा देकर फंसाता था।
औलख ने अपनी शिकायत में कहा है कि एक फोन नंबर से कोई युवक उनके नाम से फोन कर रहा है और नई मॉडल्स को फिल्मों में काम दिलवाने के नाम पर गुमराह कर रहा है। पुलिस फोन नंबर के आधार पर आरोपी तक पहुंची और उसको गिरफ्तार किया।