निजी कंपनी में काम करने वाली विधवा महिला से उसका सहकर्मी शादी का झांसा देकर 5 साल तक लूटता रहा आबरू। हरियाणा के सोनीपत के बहालगढ़ स्थित एक कंपनी में काम करने वाली विधवा ने अपने साथ काम करने वाले एक कर्मचारी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोप के मुताबिक उसके साथ शादी का झांसा देकर 5 साल तक दुष्कर्म किया जाता रहा। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के कन्नौज की रहने वाली एक विधवा काफी समय से बहालगढ़ में रहती है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2009 में उसके पति की मौत हो गई थी। इसके बाद से वह पति की जगह पर बहालगढ़ स्थित एक कंपनी में काम करने लगी।
उसने बताया कि कंपनी में ही काम करने वाला चंद्रमोहन शादी का झांसा देकर 5 साल तक दुष्कर्म करता रहा। अब वह शादी से इंकार कर रहा है। पीड़िता ने बताया कि उसे अपने पति से पहले ही दो बच्चे हैं, जो नाना-नानी के पास रहते हैं। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।