डेरा सच्चा सौदा सिरसा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम पर साधुओं को नपुंसक बनाने के आरोप की जांच में तेजी आई है। सीबीआई ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में अंतरिम रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में दाखिल की है।
इसमें मौखिक तौर पर बताया गया है कि जांच तेजी से की जा रही है। अब इस आरोप में एक सौ से अधिक व्यक्तियों के बयान लिए गए हैं। हाईकोर्ट ने जांच जल्द मुकम्मल करने को कहा है।
अदालत ने पिछली सुनवाई पर सीबीआई को फटकार लगाते हुए कहा था कि हर बार स्थिति रिपोर्ट दाखिल की जाती है, लेकिन जांच तेजी से नहीं हो रही। इसी पर अब सीबीआई ने जांच तेजी से शुरू कर दी है और अंतरिम रिपोर्ट दाखिल करके हाईकोर्ट को जांच की स्थिति से अवगत कराया है।
उल्लेखनीय है कि डेरे के साधु हंसराज चौहान ने याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि गुरमीत राम रहीम डेरे में रह रहे साधुओं को यह कहकर नपुंसक बनाता है कि ऐसा करने से उनका भगवान से मिलाप होगा। इसे झांसा बताते हुए कहा था कि करीब चार सौ साधुओं को नपुंसक बनाया गया और करीब पौने दो सौ व्यक्तियों की सूची भी पेश की थी, जिन्हें कथित तौर पर नपुंसक बनाया गया।
हाईकोर्ट में दायर याचिका में कहा था कि इसकी शिकायत पुलिस को की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर याचिका दायर करनी पड़ी और मांग की थी कि जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए। हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार को फटकार लगाते हुए कहा था कि वह पिछले कई सालों से कुछ नहीं कर सकी, लिहाजा जांच सीबीआई के हवाले की जाती है। हाईकोर्ट के आदेश पर उपरोक्त आरोप की जांच अब सीबीआई कर रही है।