डेरा सच्चा सौदा साधुओं को नपुंसक बनाने के मामले में डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। मामले में डेरामुखी के खिलाफ केस दर्ज कर चुकी सीबीआई की टीम ने सिरसा में डेरा डाल दिया है।
दिल्ली से सीबीआई की टीम मामले के एआईओ अरविंद्र सिंह के नेतृत्व में सिरसा आई। सीबीआई ने नपुंसक सूची में शामिल साधुओं के पतों पर गई और पूछताछ की।
टीम के पास डेरा में नपुंसक बनाए गए साधुओं की सूची और उनके पतों थे। डेरा में नपुंसक बनाए गए साधुओं में सिरसा शहर से सात, डबवाली से पांच, रानियां से तीन और डेरा सच्चा सौदा के पते पर 55 लोगों के नाम हैं।
सीबीआई टीम आठ जनवरी की भांति डेरा सच्चा सौदा में नहीं गई और सिरसा, रानियां व डबवाली के पतों पर रहने वाले साधुओं के परिचितों से पूछताछ की। सीबीआई एससी टू टीम में एआईओ अरविंद्र सिंह के साथ अधिकारी नरेंद्र सिंह भी सिरसा पहुंचे हैं।