ठेके पर पेड़ों की कटाई करने वाले दो लोगों की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा लहरागागा के नजदीकी गांव नंगला में हुआ। गांव नंगला निवासी गुरदीप सिंह (38) और साधू सिंह (55) लंबे समय से पेड़ों की कटाई का काम कर रहे थे। सोमवार को वह गांव के रहने वाले कृष्ण सिंह के खेत में पेड़ काट रहे थे।
शाम तक काम न निपटने की वजह से कटाई का काम बीच में ही छोड़ गए। मंगलवार सुबह दोबारा खेत गए तो पेड़ के पास से गुजर रही बिजली की 11000 केवी लाइन के ऊपर टहनियां गिरीं हुई थी। उसे हटाते समय दोनों को बिजली का जोरदार झटका लगा। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही थाना लहरागागा के सहायक थानेदार जगसीर सिंह पुलिस पार्टी सहित घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शवों का पोस्टमार्टम करवा वारिसों को सौंप दिया है।
फिरोजपुर: टिप्पर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत
थाना कुलगढ़ी के अंतर्गत गांव सांदे हाशम के पास एक तेज रफ्तार टिप्पर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया। थाना कुलगढ़ी पुलिस ने मंगलवार को आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्जकर लिया है। सुखविंदर कौर पत्नी बुध प्रकाश निवासी गांव सैद जलालपुर जिला मोगा ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसका पति बुध प्रकाश (25) निवासी चक अराइयां वाला बाइक से ससुराल से लौट रहा था।
गांव सांदे हाशम के पास एक तेज रफ्तार टिप्पर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बुध प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, उक्त हादसे की जांच कर रहे एएसआई बलदेव सिंह के मुताबिक सुखविंदर कौर के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्जकर तलाश शुरू कर दी गई है।
गुरुहरसहाय: बेकाबू कार पेड़ से टकराई, दो युवक जख्मी
गांव श्री वाला बराड़-कन्या वाली के बीच एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा कर पलट गई। हादसे में कार सवार दो लोग जख्मी हो गए। दोनों घायलों को फरीदकोट स्थित श्री गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज रेफर किया है। जानकारी के अनुसार सोनू और उसका दोस्त कार में सवार होकर गुरुहरसहाए की तरफ से आ रहे थे। गांव श्री वाला बराड़-कन्या वाली के बीच कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से टकरा गई और गड्ढे में गिर गई। इससे कार में सवार दोनों नौजवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए।