बदमाशों ने एसपी के बाद अब आईजी के सुरक्षा प्लान को भी धता बताकर शहर के सेक्टर-13/17 में एक्सपोर्ट हाउस केमैनेजर के घर दिनदहाड़े लूटपाट की वारदात को अंजाम दे दिया।
दोनों बदमाश दीवार फांदकर मकान में घुसे और मैनेजर की पत्नी और बेटी को गन प्वाइंट पर बंधक बनाकर करीब सात लाख रुपये के गहने और नकदी लूटकर फरार हो गए। मौके पर पहुंचे डीएसपी लॉ एंड आर्डर समेत पुलिस अधिकारियों ने शहर की नाकाबंदी की, लेकिन पुलिस के हाथ खाली रह गए।
थाना शहर पुलिस ने इसमें लूटपाट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। शहर में दिनदहाड़े हथियार के बल पर लूटपाट की दो दिन में यह दूसरी वारदात हुई।
वारदात थाना शहर के अंतर्गत हुडा सेक्टर 13/17 में सोमवार दोपहर करीब सवा एक बजे की है। शिमला मौलाना रोड स्थित एक एक्सपोर्ट हाउस के मैनेजर राधेश्याम बिंदल के सेक्टर 13/17 स्थित मकान में दो लोग घुस गए। यहां पर उस वक्त उसकी पत्नी जीतू अकेली थी।
दोनों बदमाशों ने उसको गन प्वाइंट पर ले लिया और उसके हाथ और मुंह बांध दिया। वे लूटपाट की वारदात को अंजाम दे ही रहे थे। इसी समय 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली उसकी बेटी कीर्ति आ गई। दोनों बदमाशों ने उसको भी गन प्वाइंट पर लेकर बंधक बना लिया। उन्होंने दोनों को जान से मारने की धमकी देकर अलमारी खोल ली और अलमारी से सोने व चांदी के गहने और नकदी लूटकर फरार हो गए।
गीतू ने बताया कि दोनों बदमाशों ने मकान से सोने की दो जोड़ी बाली, दो अंगूठी, करीब 11 तोले सोने का सेट, चांदी की चार जोड़ी पाजेब, चांदी के सिक्के और नकदी लूटकर फरार हो गए।