साथियों संग मिल बाइक सवार बदमाशों ने बाइक कार के सामने अड़ा दी और दंपति को बंधक बनाकर लूट लिया। मामला हरियाणा के कलानौर का है। बदमाश उनसे कार, मोबाइल, नकदी और एटीएम कार्ड लूट कर फरार हो गए। दंपति ने पुलिस को सूचना दे कार्रवाई की मांग की है।
घटना के शिकार हुए सोहना निवासी भूपेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बृहस्पतिवार देर रात वह अपनी पत्नी अनीता के साथ लेकर कार में सवार होकर बौंद भिवानी जा रहा था। जैसे ही वह मसूदपुर गांव के पास ब्रेकर पर पहुंचे तो बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछे से आकर बाइक उनकी कार के सामने अड़ा दी।
कार रुकते ही झाड़ियों में छिपा एक तीसरा युवक हथियार लेकर आया और धमकी देकर दंपति को पीछे वाली सीट पर बैठा दिया। वह कार को महम क्षेत्र के गांव मोखरा रोड पर ले गया। वहां बदमाशों ने उनसे एक हजार रुपये, मोबाइल तथा एटीएम छीन कर कार से नीचे उतार दिया और कार लेकर फरार हो गए।
किसी तरह से वे कलानौर थाने में पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। महम और कलानौर पुलिस ने अपने अपने थाना क्षेत्र के घटना स्थल का मुआयना किया। कलानौर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि बुधवार को भी फरीदाबाद निवासी कार सवार परिवार को कलानौर के समीप बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था।