एक सड़क हादसे में 3 साल की बच्ची को ऐसी दर्दनाक मौत मिली कि जानकर आपकी रूह कांप उठेगी। जागरण में शामिल होकर घर लौट रहे मारुति सवार परिवार को बिलासपुर सढौरा मार्ग पर गांव कुराली के पास ट्राला ने सामने से टक्कर मार दी।
हादसे में मारुति कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और लोगों ने खिड़की तोड़कर घायलों को बाहर निकला। सड़क हादसे में कार सवार अंबाला निवासी बलदेव नगर निवासी नवीन गुलाटी व उसकी 3 वर्षीय भांजी ममतेश की मौके पर मौत हो गई।
हादसे में घायल विजया व उसकी माता प्रवीण गुलाटी ,संजीव, उनकी पत्नी हेमा व बेटे अनमोल को पुलिस ने ट्रामा सेंटर में पहुंचाया। वहीं मृतकों का सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
अंबाला का रहने वाला था परिवार
अंबाला के बलदेव नगर स्थित दुर्गा मंदिर के मकान नं 113/1793 निवासी संजीव गुलाटी, उसकी पत्नी हेमा, उसका भाई नवीन गुलाटी (26), बेटा ढ़ाई वर्षीय अनमोल, मां प्रवीन गुलाटी, बहन विजया, भांजी मन्नत (4) अपनी मारुति में शनिवार को गांव खारवन में जागरण में गए थे। जागरण संजीव की मौसी ने आयोजित करवाया हुआ था।
रविवार दोपहर बाद पूरा परिवार कार में सवार होकर अंबाला लौट रहा था। कार नवीन गुलाटी ड्राइव कर रहा था। बिलासपुर सढौरा रोड पर जब कार गांव कुराली के नजदीक पहुंची तो सामने से तेज गति से आ रहे ट्राला चालक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मारुति गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर पीछे पहुंच गया।
वहीं ट्राले का टायर फट गया। जोरधार धमाका होते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने हादसे की सूचना कंट्रोल रूम में दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को ट्रामा सेंटर व गाबा अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने नवीन गुलाटी को मृत घोषित किया। वहीं चार वर्षीय मन्नत की गाबा अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
खिड़की तोड़कर निकाला बाहर
हादसा इतना तेज था कि मारुति कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इससे कार का अगला हिस्सा पीछे की ओर सिमट गया। इसमें कार में सवार लोग बुरी तरह फंस गये। आसपास के लोगों ने कार की खिड़की तोड़ बड़ी मुश्किल से कार में सवार लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद सढौरा बिलासपुर मार्ग पर जाम लग गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम को खुलवाया।
सरकारी डिपो चलाता था नवीन
बलदेव नगर निवासी अशोक ने बताया कि नवीन का बलदेव नगर में ही सरकारी डिपो है। वह काफी समय से डिपो चलाता था। संजीव अंबाला में ही प्राइवेट अकाउंटेंट है। नवीन व संजीव की बहन विजया चंडीगढ़ में जॉब करती है और परिवार के साथ जागरण में जाने के लिए अंबाला आई हुई थी। संजीव की पत्नी हेमा यमुनानगर में गुरु नानक खालसा कॉलेज के पास की रहने वाली है।
सढौरा बिलासपुर मार्ग पर ट्राला व कार की टक्कर हो गई। हादसे में मामा भांजी की मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य घायल हो गये। घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर व गाबा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं ट्राला चालक मौके से फरार है। उनकी तलाश जारी है।
- हरविंद्र सिंह, एसएचओ, थाना बिलासपुर