पीने का पानी लेने जा रहे साइकिल सवार मामा और भांजी को ट्रक ने कुचल दिया। ट्रक का पहिया चढ़ने से दोनों ने मौके पर दी दम तोड़ दिया। हादसा हरियाणा के रोहतक में हुआ। हादसे के बाद ट्रक चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने ट्रक का पीछा नहीं छोड़ा।
तुरंत पुलिस को सूचना देकर लोगों ने निजी वाहनों से ट्रक का पीछा किया। करीब एक किलोमीटर आगे पुलिस ने नाकेबंदी कर खरखौदा के गांव चुलाना निवासी चालक हरिप्रकाश को दबोच लिया। पुलिस की मानें तो आरोपी चालक हादसे के समय नशे में धुत था। पुलिस ने मेडिकल जांच के लिए चालक को पीजीआई भेज दिया है।
उत्तर प्रदेश के के हरदोई निवासी प्रवेश कुमार का परिवार शिवाजी कॉलोनी क्षेत्र के शीतल नगर में अस्थाई घर में रहता है। प्रवेश और उसके परिवार के अन्य सदस्य शहर में मेहनत मजदूरी करके परिवार का गुजारा करते हैं। बुधवार सुबह करीब 11 बजे प्रवेश का बेटा 18 वर्षीय रामदास अपनी भांजी पांच वर्षीय नीतू को साइकिल पर बैठाकर पीने का पानी भरने के लिए झज्जर चुंगी की ओर जा रहा था।
झज्जर चुंगी के नजदीक झज्जर की ओर से आ रहे ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। नीतू के सिर और रामदास के पेट से ट्रक का पहिया गुजर गया और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अचानक तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसी बीच चालक ट्रक को लेकर रोहतक की तरफ भागा।