प्रेम-प्रसंग का शक होने पर एक व्यक्ति ने अपनी भतीजी को बस अड्डे पर चाकू से गोद डाला। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चाचा मौके से फरार हो गया। वारदात जीरा विधानसभा के गांव शाह अब्बू बक्कर में घटी। थाना जीरा पुलिस ने मृतका की मां के बयान पर आरोपी चाचा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार किरनदीप कौर (16) अपनी दादी के साथ गांव शाह अब्बू बक्कर के बस स्टैंड पर मोगा के गांव बधनी कलां जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। उसी समय उसका चाचा बलदेव सिंह उर्फ मन्नू पुत्र साधा सिंह वहां पहुंचा और किरनदीप कौर के पेट में चार बार चाकू से वार किया।
यह देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। किरनदीप कौर खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गई। लोगों ने उसे जीरा के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां से उसे नाजुक हालत में फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
एएसआई सतपाल ने बताया कि किरनदीप की मां बलविंदर कौर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि बलदेव को शक था कि किरनदीप के गांव शाह अब्बू बक्कर के किसी नौजवान के साथ प्रेम-प्रसंग है। इसी पर तैश में आकर बलदेव ने किरनदीप की चाकू घोंप कर हत्या कर दी। थाना जीरा पुलिस ने आरोपी बलदेव के खिलाफ मामला दर्ज किया है।