खंगेसरा गांव में ऑनर किलिंग के हुए खुलासे के बाद इस मामले में एक नया मोड़ आ गया है। जिस पिता की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था, अब उसे भी आरोपी बना लिया गया है।
पुलिस ने मुजफ्फरनगर निवासी शौकीन से जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि जब बेटी उसके काबू में नहीं आ रही थी तो उसने उसे चाचा के पास खंगेसरा भेज दिया।
उसने ही कहा था कि इसे संभालो या मार दो। जब उसे चाचा भी नहीं संभाल पाया तो चाचा ने ही उसकी हत्या कर दी। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने शिकायतकर्ता पिता शौकीन को गिरफ्तार कर लिया है। उसे बुधवार कोर्ट में पेश किया जाएगा।
वहीं, इस मामले में एक खुलासा यह भी हुआ है कि मृतका का सगा भाई हत्या से तीन-चार दिन पहले खंगेसरा आया था और हत्या से एक दिन पहले ही उसके लिए चचेरे भाई के साथ मिलकर गड्ढा खोदा था।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्य आरोपी चाचा सलीम के कहने पर ही दोनों नाबालिगों ने गड्डा खोदा, जिसमें ताहिरा का शव दबाया गया। सगा भाई भी नाबालिग है।
चचेरे भाई को तो पहले ही जुवेनाइल होम भेजा जा चुका है, जबकि अब सगे भाई को भी जुवेनाइल होम भेज दिया गया है।
मालूम हो कि गत सप्ताह ही खंगेसरा गांव से पुलिस ने जमीन में दबा हुआ शव बरामद किया था। बाद में उसके चाचा को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।