वीडियो से की पहचान, सेक्टर-25 बस्ती के बताए जा रहे हमलावर
जिन युवकों ने आदित्य ठाकुर पर हमला किया है, वह यूनिवर्सिटी के छात्र नहीं थे। मारपीट की एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गई जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। इस वीडियो के जरिये पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है। वह सेक्टर-25 की बस्ती के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारी जल्द ही उनको गिरफ्तार करने की बात कह रहे हैं।
पीयू में छात्र संगठनों ने किया प्रदर्शन
वहीं, आदित्य की मौत के बाद शनिवार को पीयू में जमकर बवाल हुआ। गुस्साए छात्र संगठनों ने डीएसडब्ल्यू और सुरक्षा इंचार्ज के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। इसमें सिक्योरिटी इंचार्ज के कपड़े तक फट गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। विद्यार्थियों ने सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए डीएसडब्ल्यू व सिक्योरिटी इंचार्ज के इस्तीफे की मांग की है। डीन स्टूडेंट वेलफेयर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने वाले संगठनों में पीयूएसयू, पीएसयू ललकार, एनएसयूआई, एबीवीपी, सथ, सीवाईएसएस, इनसो समेत कई संगठनों के छात्र मौजूद थे। छात्रों ने सवाल उठाया कि यदि पीयू के पास सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे तो स्टार नाइट को अनुमति क्यों दी गई। पीयू की लापरवाही के कारण एक छात्र की मौत हुई है।