केंद्रीय जेल फिरोजपुर में तैनात लैब टेक्नीशियन जेल में बंद एक हवालाती को हेरोइन सप्लाई करते हुए पकड़ा गया। थाना सिटी पुलिस ने मंगलवार को जेल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट तरसेम पाल शर्मा की शिकायत पर लैब टेक्नीशियन, हवालाती समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से दो लोग गिरफ्तार हैं।
पुलिस के मुताबिक जेल में कार्यरत लैब टेक्नीशियन विनोद कुमार जेल में ड्यूटी देने के लिए जैसे ही दाखिल हुआ तो मुख्य गेट पर तैनात जेल मुलाजिमों ने तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके बूट से 38 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ के दौरान विनोद कुमार ने बताया कि उक्त हेरोइन जेल में बंद हवालाती पवित्र सिंह निवासी नाजू शाह मिसरी वाला को देनी थी।
उक्त हेरोइन जेल के बाहर पवित्र सिंह के पिता गुरदित्त सिंह ने उसे दी थी। जेल अधिकारियों ने विनोद कुमार को काबू कर थाना सिटी पुलिस के हवाले किया जबकि पवित्र सिंह जेल में ही बंद है। थाना सिटी पुलिस ने जेल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट तरसेम पाल शर्मा की शिकायत पर विनोद कुमार, पवित्र सिंह और गुरदित्त सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस गुरदित्त सिंह की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है।