‘एसपी रामकुमार को न छोड़ा जाए, इसने मेरी जिंदगी खराब कर दी। मेरी आत्महत्या करने की सबसे बड़ी वजह ये ही है और कसर दोनों ऊपर के अधिकारियों ने पूरी कर दी।’ ये पंक्तियां महिला कांस्टेबल व थ्रो बॉल की राष्ट्रीय खिलाड़ी अनीता ने फिनाइल पीने से पहले एक नोट में लिखी हैं। पुलिस ने इसे बरामद कर लिया है।
एक अन्य महिला खिलाड़ी ने भी हेड क्लर्क पर गंभीर आरोप जड़े हैं। मधुबन पुलिस अकादमी में मामले को लेकर हड़कंप मचा है। डीएसपी हेडक्वार्टर ने अनीता के बयान कलमबद्ध करके पूरी रिपोर्ट आला अधिकारियों को सौंप दी है। फिलहाल, मामला अकादमी की सेक्सुएल ह्रासमेंट कमेटी के हवाले किया गया है। कमेटी की रिपोर्ट के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।
महिला खिलाड़ी के आत्महत्या करने की कोशिश जैसे कदम से शुक्रवार को दिनभर अकादमी और पुलिस में हड़कंप का माहौल रहा। अर्पणा अस्पताल में दाखिल अनीता की हालत में सुधार बताया जा रहा है। शुक्रवार को महिला सेल की अधिकारी इंस्पेक्टर कुलबीर कौर ने अनीता से बात की। इस दौरान पुलिस ने अनीता की ओर से आत्महत्या की कोशिश करने से पहले लिखा गया नोट भी बरामद किया।
इसमें अनीता ने एसपी रामकुमार, हेडक्लर्क राजेंद्र और एएसआई रीडर सुलतान पर आरोप जड़े हैं। डीएसपी को दिए बयानों में अनीता ने कहा कि वह थ्रो बाल की नेशनल खिलाड़ी है, अधिकारियों की बात नहीं मानने पर उसे यूनिट से भेजा जा रहा है। अपने बयानों में अनीता ने यह भी आरोप लगाया है कि अस्पताल में उस पर बयान बदलने को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा है।
अनीता का आरोप है, अधिकारी लड़कियों को अपनी कोठियों पर बुलाते हैं और जो ऐसा नहीं करती, उसे परेशान किया जाता है। कांस्टेबल के सनसनीखेज आरोपों के बाद से विभाग में खलबली मची हुई है। डीएसपी हेडक्वार्टर राजेश कुमार ने रिपोर्ट तैयार करके आला अधिकारियों को भेज दी है। उधर, मामला विभागीय होने के कारण मामले की जांच अकादमी की सेक्सुअल ह्रासमेंट कमेटी से कराने के आदेश दिए हैं। कमेटी की रिपोर्ट के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
कई बार जीत चुकी मेडल
आत्महत्या का प्रयास करने वाली महिला पुलिस कर्मचारी अनीता अर्पणा अस्पताल मधुबन में उपचाराधीन है। वर्ष 2009 में अनीता का चयन स्पोर्ट्स कोटे से हुआ था। थ्रो बाल की राष्ट्रीय खिलाड़ी अनीता कई प्रतियोगिताओं में गोल्ड व सिल्वर मेडल जीत चुकी है। अनीता ने आरोप लगाया की स्पोर्ट्स में बेहतरीन रिजल्ट देने के बावजूद उसका कैरियर बर्बाद करने की कोशिश की जा रही है। दरअसल उसका तबादला यूनिट से अंबाला कर दिया गया, जबकि वह यहीं पर रहना चाहती है।
ये हैं अनीता के बयान
अनीता ने पुलिस को दिए बयानों में कहा है कि महकमे के कुछ अधिकारी व कर्मचारी मनमाने तरीके से महिला पुलिस खिलाड़ियों का शोषण करते हैं। अकादमी के एसपी रामकुमार, हेड क्लर्क राजेंदर, रीडर सुलतान ने उसे फोन पर गालियां दी और उसके चरित्र पर अंगुली उठाई। इस रवैये से तंग होकर उसने आत्महत्या का कदम उठाया। अनीता ने आरोप लगाया की पुरुष खिलाड़ियों को कुछ नहीं कहा जाता। आरोप लगाया कि कुछ लड़कियां अधिकारियों की कोठी व क्वार्टर पर जाती हैं, उनका साथ दिया जाता है। इसकी शिकायत वह कई बार उच्च अधिकारियों कर चुकी है, पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
दूसरी खिलाड़ी भी आई पक्ष में, डिनर पर बुलाया जाता है
अनीता के आरोपों की पुष्टि करते हुए दूसरी महिला खिलाड़ी भी खुलकर अधिकारियों के खिलाफ आ गई हैं। एक इंटरनेशनल खिलाड़ी ने भी हेड क्लर्क पर वाट्स एप पर ऑफर देने और मैसेज भेजने के आरोप लगाए। खिलाड़ी ने बताया कि उसके पास प्रमोशन कराने और साथ देने के मैसेज किए गए थे। वहीं बॉक्सिंग की राष्ट्रीय खिलाड़ी मीना ने भी आरोप लगाए कि नया हेड क्लर्क लड़कियों को प्रताड़ित करता है। मीना का कहना है कि एक खिलाड़ी मेंटली बहुत स्ट्रोंग होता है, ऐसे में यदि उसने आत्महत्या जैसा बड़ा कदम उठाया है तो आप अंदाजा लगा सकते हैं की उसे किस हद तक तंग किया जा रहा था। महिला खिलाड़ियों को फोन कर उन्हें डिनर पर बुलाने को कहा जाता है।
क्या कहते हैं अधिकारी
मामले की जांच अधिकारी इंस्पेक्टर कुलबीर कौर का कहना है कि महिला खिलाड़ी के बयान लिए हैं और पूछताछ की है, पूरे एपीसोड में छेड़छाड़ या फिर शारीरिक शोषण की बात सामने नहीं आई है। वहीं, मधुबन थाना प्रभारी कमलदीप राणा का कहना है कि जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। उधर, आरोपी एसपी रामकुमार ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वह छुट्टी पर हैं, इससे ज्यादा कुछ नहीं कह सकते।
डीएसपी ने उसके बयान दर्ज किए हैं। यह विभागीय शिकायत है, इसलिए यह मामला अकादमी की सेक्सुअल ह्रासमेंट कमेटी को रेफर कर दी है। कमेटी इस मामले की जांच करेगी, इसके बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।
- पंकज नैन, एसपी