दादा के साथ घूम रही दो साल की बच्ची को उठाकर ले गए तीन बाइक सवार युवक। जिस हाल में वह मिली, देखकर मां-बाप की रूह कांप गई। घटना पंजाब के फगवाड़ा की है। नवांशहर के गांव खोथड़ा से 11 नवंबर को अगवा दो साल की बच्ची रोशनी की अधजली लाश होशियारपुर के गांव कोट फतूही से बरामद की गई है।
विज्ञापन
पुलिस बच्ची की जान बेशक नही बचा सकी लेकिन 72 घंटो में ही पुलिस ने तीन अपहरणकर्ताओं को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक अपहरणकर्ताओं ने 50 लाख की फिरौती मांगी थी, लेकिन बच्ची के रोने पर उन्होंने उसका गला घोंट दिया और फिर उसका शव जलाने का प्रयास किया। मामले के दो आरोपी बच्ची के गांव के ही है। रोशनी के पिता दुबई में रहते हैं और बच्ची का जन्म भी वहीं हुआ बताया जा रहा है।
नवांशहर के एसएसपी नवीन सिंगला के मुताबिक 11 नवंबर को राम दरेश सिंह वासी खोथड़ा ने थाना बहराम को सूचित किया कि शाम करीब तीन बजे वह अपने घर के सामने अपने दो पोतियों रिद्धि (3) और रोशनी (2) को पंगुड़ा ट्राली में घुमा रहा था। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार तीन युवक आए। उन्होंने थोड़ी दूर आकर बाइक रोकी। दो नकाबपोश युवक ने उसे धक्का दिया और रोशनी को उठाकर बाइक पर फरार हो गए।
विज्ञापन
पुलिस को देख भागने लगे युवक, दबोचा तो खुलासा हुआ
जांच करती पुलिस
- फोटो : amar ujala
सिंगला ने बताया कि इस संबंध में थाना बहराम में धारा 365 के तहत मामला दर्ज किया था। एसएसपी सिंगला ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी (आई) हरिंदरपाल सिंह, डीएसपी बंगा हरविंदर सिंह, डीएसपी (आई) राज पाल सिंह, थाना बहराम प्रभारी इंस्पेक्टर सुरिंदर चांद, सीआईए स्टाफ प्रभारी सुखजीत सिंह, थाना सदर बंगा प्रभारी एसआई रमनदीप सिंह पर आधारित अलग-अलग पुलिस पार्टियां बनाकर बच्ची की तलाश शुरू की।
इंस्पेक्टर सुरिंदर चांद ने पुलिस पार्टी के साथ प्वाइंट फराला में नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान गांव मुन्ना की साइड से तीन युवक बाइक पर आते दिखाई दिए। पुलिस ने उनको रुकने का इशारा किया तो उन्होंने भागने का प्रयास किया। तीनों का हुलिया आरोपी युवकों से मिलता देख पुलिस ने उन्हें काबू कर सख्ती से पूछताछ की तो रोशनी के अपहरण और कत्ल का खुलासा हो गया।
एसएसपी के अनुसार आरोपियों ने माना कि 50 लाख रुपये की फिरौती लेने के लिए उन्होंने बच्ची का अपहरण किया था। जब वह बच्ची को उठा कर ले जा रहे थे तो वह चुप नहीं हो रही थी। इस पर उन्होंने गांव नडालों जिला होशियारपुर ले जाकर उसी शाम को गला घोंट कर रोशनी को मार दिया।
12 नवंबर को लाश खुर्दबुर्द करने के इरादे से उन्होंने शव को कोटफतूही के पास लेकर जाकर वीरान क्षेत्र में जलाने का प्रयास किया। एसएसपी सिंगला ने बताया कि काबू आरोपियों की पहचान गोयल कुमार उर्फ गोरी वासी खोथड़ा, हरमन कुमार उर्फ हैप्पी वासी खोथड़ा (दोनों रोशनी के गांव के) और रिशी वासी टोडरपुर थाना मेहटीयाणा के रुप में की गई है।
तीनों आरोपियों की निशानदेही पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट भूपिंदर सिंह की उपस्थिति में पुलिस ने कोटफतूही से लाश बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक पहले दर्ज मामले में धारा 364ए, 302, 201, 34 और 120बी की बढ़ोतरी कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों का रिमांड हासिल कर पूछताछ की जाएगी।