दो पक्षों का झगड़ा छुड़ाने गए सिक्योरिटी गार्ड को दो युवकों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने हत्या के प्रयास में के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
सेक्टर 11 पुलिस स्टेशन के एसएचओ नरिंदर पटियाल ने बताया कि हमलावरों की पहचान राहुल उर्फ चिकना और साहिल निवासी सेक्टर 25 के रूप में हुई है। एसएचओ ने बताया कि गोली से घायल धर्मवीर (40) का इलाज पीजीआई में चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि पुरानी दुश्मनी के चलते राहुल और साहिल का दूसरे पक्ष के युवकों से सेक्टर 25 में झगड़ा हो रहा था। झगड़ा होते देख कर सेक्टर 25 निवासी सिक्योरिटी गार्ड धर्मवीर बीच बचाव के लिए पहुंचा। तभी गुस्से में राहुल ने धर्मवीर पर देसी कट्टे से फायर कर दिया।
गोली सिक्योरिटी गार्ड के पेट में लगी। आसपास के लोगों ने 100 नंबर पर फोन कर वारदात की सूचना दी। मौके पर पहुंची पीसीआर की गाड़ी पहुंची और घायल को जीएमएसएच 16 लेकर गई। वहां डाक्टरों ने घायल की गंभीर हालत देखते हुए उसको पीजीआई रेफर कर दिया।
पुलिस ने वारदात के कुछ घंटों के बाद ही दोनों आरोपियों को सेक्टर 25 से दबोच लिया था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से अभी तक वारदात में इस्तेमाल होने वाला हथियार बरामद नहीं हो पाया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया है।