सेक्टर-33 के इंडियन आयल के पेट्रोल पंप स्थित एटीएम मशीन के बाहर बुधवार दोपहर सिक्योरिटी गार्ड से गलती से गोली चल गई। यह गोली जमीन की तरफ चली, जिससे गोली के छरे वहां पर खड़े दो बच्चों को लगे।
बच्चे एटीएम मशीन में रुपये निकालने के लिए आए हुए थे। काफी देर बाद जब बच्चे घर वापस नहीं आए तो उनकी मां संजय बाला पेट्रोल पंप पहुंची जिसने देखा कि पंप पर भीड़ लगी हुई है। यहां पर स्टेट बैंक आफ इंडिया का एटीएम है। एटीएम मशीन में रिकवरी वैन एटीएम मशीन में राशि छोड़ने के लिए आई थी जब कर्मचारी अंदर एटीएम मशीन में राशि भर रहे थे तो बाहर सुरक्षाकर्मी अमरजीत अपनी बंदूक लिए खड़ा था। अचानक गोली चल गई। घायल बच्चों को कैश वैन में ही उपचार के लिए सेक्टर-32 के अस्पताल में ले जाया गया। सेक्टर-34 पुलिस ने आरोपी सिक्योरिटी गार्ड के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
घायल बच्चों की शिनाख्त सेक्टर-20 निवासी हरीश और अंकित के रूप में हुई है। जो कि शिशु निकेतन में आठवीं और नौवी कक्षा में पढ़ते हैं। बच्चों के पिता की इसी साल अप्रैल माह में मौत हो चुकी है।
सूचना मिलने पर सेक्टर-20 के निवासी भी अस्पताल में पहुंच गए। मालूम हो कि इससे पहले जुलाई माह में सेक्टर-17 में भी इसी तरह से पंजाब नेशनल बैंक के बाहर एक कैशवैन में तैनात सुरक्षाकर्मी से लापरवाही से गोली चल गई थी। आरोपी सुरक्षाकर्मी अमरजीत का कहना है कि उसकी बच्चों के साथ कोई दुश्मनी नहीं है। गलती से गोली चल गई जिससे छर्रे बच्चों के पैर पर लग गए।
सेक्टर-34 पुलिस थाना प्रभारी राजेश शुक्ला का कहना है कि आरोपी अमरजीत के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।