एक गन हाउस मालिक के बेटे ने मामूली विवाद को लेकर दो महिलाओं पर फायर झोंक दी। जिसमें एक महिला की मौत हो गई। घटना पंजाब के होशियारपुर की है। यहां के टांडा में मंगलवार दोपहर एक गन हाउस में मालिक के बेटे ने मामूली तकरार के बाद दो महिलाओं को गोली मार दी। इसमें एक महिला की मौत हो गई जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
जानकारी के अनुसार सरबजीत कौर धामी पत्नी गुरमिंदर सिंह निवासी पिपलांवाली कनाडा में रहती है। उसके पति की करीब सात महीने पहले मौत हो गई थी। वह अपने पति की जमीन जायदाद के संबंध में सात दिन पहले भारत अपने घर आई थी। मंगलवार को वह अपनी भाभी दलवीर कौर पत्नी अमनदीप सिंह निवासी झावां के साथ एक्टिवा (पीबी-07-यू-8615) पर चाहल गन हाउस पहुंची।
वहां गन हाउस के मालिक सरबजीत सिंह के बेटे अमनप्रीत सिंह ने मामूली तकरार के बाद दोनों पर रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। तीन गोलियां लगने से सरबजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई। दलवीर कौर गोली लगने के कारण गंभीर जख्मी हो गई और वह दुकान के बाहर गिर गई। उसको तुरंत सिविल अस्पताल टांडा पहुंचाया गया जहां से उसे होशियारपुर रेफर कर दिया गया। अमनप्रीत सिंह गोली चलाने के बाद सरबजीत कौर को दुकान के अंदर ही बंद करके दुकान को ताला लगाकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी टांडा गुरप्रीत सिंह गिल, एसएचओ टांडा प्रदीप सिंह, सीआईए स्टाफ दसूहा के इंचार्ज यादविंदर सिंह बराड़ ने पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने गन हाउस के मालिक सरबजीत सिंह को गिरफ्तार करके दुकान सील कर दी है।
सरबजीत कौर के दो छोटे बच्चे कनाडा में ही हैं। वह केवल 10 दिन के लिए ही भारत आई थी। वहीं अस्पताल में दाखिल दलवीर कौर ने बताया कि उनकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं है। जब वह दुकान के अंदर दाखिल हुईं तो वहां पहले से ही एक महिला मौजूद थी जो उन्हें देखकर बाहर निकल गई थी और इसके बाद आरोपी ने गोली चला दी।