राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 9 पर सिरसा जिला के गांव पंजुआना के निकट शुक्रवार की सुबह घटित हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना के बाद बडागुढ़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस संबंध में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव अलीपुर टीटूखेड़ा निवासी बूटा राम (23) अपनी मां मुख्तयार कौर व दोस्त चकराइयां निवासी गुरप्रीत सिंह (31) के साथ शुक्रवार की अलसुबह बाइक पर सवार होकर बठिंडा में शादी का कार्ड देने के लिए निकले थे। उक्त लोग जैसे पंजुआना के निकट पहुंचे तो हाईवे पर एक कार व ट्रक का पहले से ही एक्सीडेंट हुआ पड़ा था। सिरसा की तरफ से आ रहे एक ट्रक चालक ने एक्सीडेंट हुए खड़े ट्रक को देखकर अचानक ब्रेक लगा दी।
इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में बूटाराम व गुरप्रीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि महिला को गंभीर अवस्था में लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। सूचना के बाद बडागुढ़ा थाना प्रभारी कमलेश रानी ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को सूचित किया तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
दोनों मृतक आपस में दोस्त थे। मृतक बूटाराम की 29 सितंबर को शादी होनी थी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। शादी की तैयारियां मातम में बदल गईं। थाना प्रभारी कमलेश रानी ने बताया कि इस संबंध में मृतक के चचेरे भाई हरनाम सिंह के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।