पटियाला जिले के पातड़ां में घग्गा के पास स्टेट हाईवे पर पीआरटीसी की एक बस और कार की टक्कर में कार सवार दादा-पोते की मौत हो गई। जबकि एक महिला समेत दो कार सवार गंभीर रुप से घायल हो गए।
तीनों घायलों को पुलिस ने समाना अस्पताल में दाखिल कराया। जहां से उन्हें पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार पीआरटीसी की पटियाला डिपो की बस पातड़ां से पटियाला जा रही थी। रास्ते में घग्गा के पास सड़क पर आपस में लड़ रहे दो कुत्तों को बचाने के चक्कर में बस ने सामने से आ रही स्विफ्ट कार को अपनी चपेट में ले लिया।
बस पटियाला से रतिया (हरियाणा) जा रही थी। हादसे के तुरंत बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्विफ्ट कार सवार दिड़बा निवासी अमरनाथ गर्ग (70), उसकी पत्नी सियोबंती गर्ग, भतीजा संदीप कुमार, अमरनाथ का साला विजय कुमार और पोता रितिश (8) पटियाला से वापस अपने गांव लौट रहे थे।
हादसे में अमरनाथ गर्ग और रितिश की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में विजय और उसका बेटा संदीप कुमार के अलावा बस सवार राजवंती शामिल है।
घायलों का खबर लिखे जाने तक पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में इलाज चल रहा था। पुलिस ने मौके पर कार और बस को कब्जे में ले कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से बस चालक की तलाश की जा रही है।