एमडीयू में स्कूटी सवार दो युवकों ने सरेराह छात्रा से छेड़छाड़ की। छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों आरोपियों को हॉस्टल गेट के सामने दबोच लिया। खुद को फंसता देख आरोपियों ने छात्रा को एक के बाद एक कई थप्पड़ मार दिए।
इसके बाद पकड़ कमजोर होते ही वे भाग निकले। वारदात के तुरंत बाद छात्रा ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शिकायत लेकर हॉस्टल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला। छात्रा ने शिकायत में जान से मारने की धमकी देने और अपहरण की कोशिश का भी आरोप लगाया है।
दरअसल, मूलरूप से जींद निवासी युवती एमडीयू के यूआईईटी में फाइनल ईयर की छात्रा है। वह रविवार को एमडीयू में हुए बाबा अंबेडकर परिनिर्वाण दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेने आई थी। शाम करीब पांच बजे छात्रा घर लौट रही थी। जैसे ही वह हॉस्टल रोड पर पहुंची, पीछे से आ रहे स्कूटी सवार दो युवकों ने छेड़छाड़ शुरू कर दी।
पहले तो छात्रा ने उनकी बातों को अनसुना किया मगर आरोपियों की हरकतों में सुधार नहीं होने पर छात्रा उनके पीछे दौड़ पड़ी। छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए हॉस्टल गेट पर छात्रों को पकड़ लिया। चंगुल में फंसते ही आरोपियों ने छात्रा को कई थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद आरोपी स्कूटी पर बैठकर फरार हो गए।