एकतरफा प्यार में किशोरी की हत्या।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
जगरांव के गांव चीमना में 19 वर्षीय गुरमनजोत कौर का कत्ल करने वाले गुरकीरत सिंह को जिला लुधियाना ग्रामीण सीआईए स्टाफ पुलिस ने घटना के कुछ घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी नवनीत सिंह बैंस ने बताया कि घटना के बाद डीएसपी सतविंदर सिंह विर्क, जगरांव सदर थाना प्रभारी अमरजीत सिंह और सीआईए स्टाफ ने विभिन्न टीम बनाकर तकनीकी आधार पर जांच शुरू की।
तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट के सहयोग से पुलिस आरोपी की पहचान करने में सफल रही। उन्होंने बताया कि कत्ल गांव चीमना के ही 24 वर्षीय गुरकीरत सिंह ने किया था। तीन साल पहले दोनों की इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। दोनों की लगातार आपस में बातचीत होती थी।
गुरुवार दोपहर 12 बजे गुरकीरत सिंह गुरमनजोत कौर के घर पहुंचा। गुरकीरत के पास पहले से बड़ा चाकू था। बहसबाजी के दौरान गुरकीरत ने चाकू से गुरमनजोत की गर्दन पर सीधा वार कर दिया। गुरमनजोत की सांसें बंद हो जाने की तस्सली करने के बाद गुरकीरत खेतों के रास्ते चाकू लेकर फरार हो गया। एसएसपी बैंस ने बताया कि गुरकीरत को गिरफ्तार करके उसके घर से खून में सना चाकू भी बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि गुरकीरत को अदालत में पेश करके रिमांड की मांग की जाएगी।
गौरतलब है कि परिवार के सुनहरे भविष्य की खातिर गुरमनजोत कनाडा जाना चाहती थी। 12वीं कक्षा के बाद पिछले एक साल से लगातार आइलेट्स परीक्षा की तैयारी कर रही थी। जिस जगह गुरमनजोत का खून से सना शव मिला, वहीं 17 साल पहले उसकी छोटी बहन की चारा काटने वाली मशीन की चपेट में आ जाने से मौत हो गई थी।