बुजुर्ग महिला को कार में गिफ्ट देने के बहाने सोने का कड़ा लूटा। पीडि़त महिला के बयानों के आधार पर दो महिलाओं और कार चालक के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर सेक्टर 30 में संत निरंकारी भवन के पास से कृष्णा रानी (70) साल की महिला को घर छोड़ने के बहाने लिफ्ट दी और दूसरे सेक्टर में ले जा कर जबरदस्ती हाथ से तीन तोले का सोने का कड़ा निकाल कर सड़क पर छोड़ फरार हो गए।
कृष्णा रानी ने बताया कि वो रविवार को करीब 12.30 बजे संत निरंकारी भवन से सत्संग सुनकर बाहर निकली। वही भवन के गेट पर खड़ी हो कर रिक्शे का इंतजार करने लगी। तभी एक पचास साल की महिला आई और उसने घर छोड़ देने के लिए कहा। बुजुर्ग महिला ने सोचा कि वो भी शायद सत्संग सुनकर निकली है।
इसलिए पीडि़त महिला उनके साथ गाड़ी में जाकर बैठ गई। गाड़ी में एक महिला और एक पुरुष पहले से बैठे थे। कृष्णा रानी के पीछे बैठने के साथ ही दूसरी महिला भी पीछे आकर बैठ गई। पुरुष जिसकी उम्र करीब 30-35 साल के बीच थी वो कार चलाने लगा।
पीडि़त सेक्टर 30 में रहती थी और जब कार चालक सेक्टर 29-30 की लाइट प्वाइंट पार कर सेक्टर 29 में घुस गए तो पीडि़त महिला को शक हुआ। उसने गाड़ी रोकने को कहा मगर कार चालक ने गाड़ी नही रोकी । इस पर पीडि़त ने शोर मचाना शुरु कर दिया। जिस पर पीछे बैठी महिलाओं ने उसके साथ जबरदस्ती और मारपीट शुरू कर दी।
कृष्णा रानी को वो सेक्टर 29 में साई मंदिर के पास उतार कर फरार हो गए। महिला ने चेक किया तो उसके एक हाथ से तीन तोले सोने का कड़ा गायब था।
पुलिस बयानों के आधार पर दो महिलाओं और व्यक्ति पर लूटपाट करने का मामला दर्ज कर लिया है। अभी तक मामले में किसी की गिरफ्तारी नही हुई है।