मानसिक रूप से विक्षिप्त नाबालिग से गैंगरेप का मामला सामने आया है। युवती नग्न अवस्था में ही दरिंदों के चंगुल से बचकर भाग निकली। एक परिवार ने उसे इस हालत में देखा और वे उसे अपने घर ले गए और पुलिस को फोन किया।
मामला पंजाब में अमृतसर के गांव घरिंडा का है। थाना घरिंडा पुलिस मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और युवती से पूछताछ की। हालांकि युवती बदहवास हालत में थी, लेकिन उसने बताया कि चार लड़कों ने उसके साथ दुराचार किया। वह उनसे बचकर भागते हुए गांव में आ गई थी।
दूसरी ओर, पुलिस वालों के साथ महिला पुलिसकर्मी न होने से परिवार ने लड़की को उनके साथ नहीं भेजा। आखिरकार गांव की ही महिला पुलिसकर्मी को बुलाया गया और और लड़की को थाना घरिंडा भेजा गया।
पुलिस ने अभी तक नहीं कराया मेडिकल
गांव के सरपंच ने बताया कि लड़की को फिलहाल नारी निकेतन भेज दिया गया है, लेकिन अभी तक उसका मेडिकल नहीं कराया गया है।
उधर, युवती से दुराचार होने और मेडिकल न कराए जाने की खबर फैलते ही स्त्री सभा वाले नारी निकेतन पहुंच गए। वहां उन्होंने पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान स्त्री सभा और महिला पुलिसकर्मियों के बीच तीखी झड़प हुई। एसएसपी देहाती जसदीप सिंह ने बताया कि दो दिन से सिविल अस्पताल के डॉक्टर लड़की की मेडिकल जांच में आनाकानी कर रहे हैं।
उन्होंने डीसी रवि भगत को मामले की जानकारी दे दी है। डीसी ने लड़की के मेडिकल के लिए डॉक्टरों की एक कमेटी का गठन कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।