हरियाणा के जिले कैथल के क्षेत्र पूंडरी में रविवार अलसुबह पाई रोड पर एक युवती संदिग्ध और बेहोशी की हालात में मिली।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को अस्पताल में भर्ती करवाया।
जांच के दौरान पूंडरी चौकी इंचार्ज सतबीर जांगड़ा ने बताया कि पुलिस को लगभग पांच बजे किसी ने फोन पर सूचना दी कि पूंडरी में पाई रोड पर कैंची मोड़ के समीप एक युवती की लाश पड़ी है। पुलिस मौके पर पहुंची तो लड़की की सांसे चल रही थी और उसके माथे पर चोट के निशान थे।
पुलिस ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद कैथल के अस्पताल में एडमिट करवाया है। युवती के मोबाइल फोन की काल डिटेल के आधार पर जलगांव (महाराष्ट्र) में उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। युवती मुंबई में ब्यूटी पार्लर का काम करती है।
होश में आने पर मजिस्ट्रेट को दिया यह बयान
दोपहर बाद में होश में आने पर मजिस्ट्रेट के समक्ष उसके बयान दर्ज किए गए। एसएचओ पूंडरी नरसिंह ने बताया कि मजिस्ट्रेट को दिए बयान में युवती ने कहा कि वह अपने मित्र अशोक से मिलने के लिए करनाल से हाबड़ी गांव में आई थी, जो उसे नहीं मिला।
उसके मोबाइल में बैलेंस नहीं था। इस कारण वह उसे कॉल नहीं कर पाई। इसी बीच उसे एक लड़का मिला। उसने बाइक पर उसे लिफ्ट देते हुए कहा कि वह उसे करनाल छोड़ देगा।
पूंडरी पहुंचने पर एक स्पीड ब्रेकर आने पर वह नीचे गिर गई। इसके बाद उसे अस्पताल में होश आया। एसएचओ ने कहा कि युवती के बयान अनुसार मामले में कार्रवाई कर दी गई है।
सामूहिक बलात्कार का लगाया था आरोप
वहीं कैथल अस्पताल में मजिस्ट्रेट को बयान देने से पूर्व युवती ने मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा कि वह करनाल में अपनी चचेरी बहन के यहां पहुंची थी।
यहां एक युवक ने प्रेम का नाटक रचते हुए शनिवार रात को पूंडरी में अपने एक अन्य साथी के साथ सामूहिक रेप किया और सुबह चलती बाइक से फेंक दिया। इसके बाद वह बेहोश हो गई। उसे अस्पताल में ही होश आया।
उधर पूंडरी थाने के एसएचओ नरसिंह ने बताया कि युवती के बयान के अनुसार कार्रवाई की गई। उसने बयान में गैंगरेप की शिकायत नहीं की है। इसलिए केस दर्ज नहीं किया गया है।