पंजाब के जालंधर में एक सरकारी स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रही 11 वर्षीय नाबालिग छात्र ने तीन युवकों पर अपहरण कर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि लड़की और परिजनों ने मेडिकल करवाने से मना कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि लड़की ने बताया कि वह एक सरकारी स्कूल में पढ़ती है और स्कूल बंद होने के बाद करीब एक बजे वह घर जा रही थी। वह स्कूल से कुछ ही दूर पहुंची थी तभी तीन नकाबपोश युवक मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे और उससे मारपीट करने लगे। जब तक वह चिल्लाती युवक उसे जबरदस्ती मोटरसाइकिल में बैठा कर सुनसान जगह पर ले गए और दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी उसे वहीं छोड़कर भाग गए। इसके बाद वह घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई।
परिजनों ने बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म की सूचना थाना पांच पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर जांच की। पुलिस ने छात्रा से मेडिकल करवाने को कहा तो परिजन बेटी को लेकर घर लौट गए और कहा कि उसे बदनामी नहीं करवानी है। इसके बाद पुलिस स्कूल से घर तक रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि उक्त युवकों का पता चल सके।
थाना पांच के प्रभारी परमिंदर सिंह ने बताया कि अभी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। लड़की ने जिन तीन युवकों पर दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं, वह मौके पर नहीं थे बल्कि काम पर गए थे। मामले की जांच की जा रही है। अगर लड़की मेडिकल करवाती है और दुष्कर्म की पुष्टि होती है तो कार्रवाई की जाएगी।