नेकीराम कॉलेज में बीएससी छात्रा को फेसबुक और फोन पर दोस्ती महंगी पड़ गई। छात्रा ने प्यार का इजहार करने से मना किया तो पंजाब के फिरोजपुर निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर राजन ने उसे और उसके परिजनों को धमकी देना शुरू कर दिया।
घटन हरियाणा के रोहतक की है। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर आरोपी को पंजाब पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा नेकीराम कॉलेज के हॉस्टल में रहती है। अगस्त 2014 में उसकी दोस्ती फेसबुक पर पंजाब निवासी राजन से हुई। राजन सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और फिरोजपुर में ही उसकी कंप्यूटर स्पेयर पार्ट्स की दुकान है।
फेसबुक की दोस्ती फोन तक पहुंच गई। दोस्ती भरी बातें करते-करते राजन ने प्यार का इजहार कर दिया। छात्रा ने यह कह कर मना कर दिया कि वह अभी पढ़ाई कर रही है और 3-4 साल तक इस बारे में वह नहीं सोच सकती।
सहेलियों और परिजनों तक को परेशान करने लगा
विवाद के बाद राजन ने मान गया कि वह अभी केवल दोस्ती ही करेगा। कुछ दिन तक बाद फिर उसका व्यवहार बदल गया और रात को बात करने का दबाव बनाने लगा। युवक ने उसकी कॉल डिटेल निकलवाई और उसके साथ उसकी सहेलियों और परिजनों तक को परेशान करने लगा।
क्लास में जाना और खाना खाना हुआ मुश्किल
मामले में छात्रा की मदद करने वाली वुमेन एक्शन कमेटी की किरण ने बताया राजन की हरकतों के कारण छात्र कॉलेज जा पाना तो दूर खाना ही नहीं खा पाती थी। वह हमेशा उससे फोन पर बात करने का दबाव बनाता। 6-7 नंबरों से कॉल करना शुरू कर दिया। उसके दोस्तों को भी फेसबुक पर अश्लील संदेश भेज देता था।
घरवालों, परिजनों, रिश्तेदारों व दोस्तों तक को धमकी देने लगा। टीम छात्रा को थाने ले गई, जहां युवक के मोबाइल नंबर के आधार पर केस दर्ज किया गया। किरण ने बताया कि छात्रा इस कदर परेशान हो गई थी कि वह आत्महत्या तक कर सकती थी।
एमआई खान, एसएचओ, थाना पीजीआई, रोहतक ने बताया कि ‘आरोपी फिरोजपुर निवासी युवक राजन को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में 14 दिन तक जेल भेज दिया।’