दूसरों का भविष्य बताकर उनकी मुश्किलों को दूर करने वाली एक ज्योतिष महिला का खुद का भविष्य मुश्किल में आ गया। जन्मदिन के गिफ्ट पार्सल का बहाना लगाकर एक शातिर महिला ने उनसे 55 हजार रुपये की ठगी कर ली। महिला को ठगी का पता उस समय चला जब पार्सल नहीं पहुंचा। इसके बाद पीड़ित महिला ने इस संबंध में साइबर क्राइम को शिकायत दी। करीब दो साल बाद महिला की शिकायत पर मटौर थाने की पुलिस ने जिमैशाला निवासी नागालैंड के खिलाफ ठगी का केस दर्ज दर्ज किया है।
अभी तक ठगी करने वाली महिला पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस की टीमें महिला की तलाश में छापेमारी कर रही है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को दी शिकायत में महिला हरप्रीत कौर ने बताया कि वह मूलरूप से पंजाब की रहने वाली वाली है। वह मोहाली में मटौर थाने के एरिया में रहती है। वह ज्योतिष का काम करती है। महिला ने बताया कि यह घटना दो साल पुरानी है। दिसंबर 2018 में उसका जन्मदिन था। इस दौरान काफी लोगों के उसे बधाई देने के लिए फोन आ रहे थे। जबकि कुछ लोग उसे गिफ्ट तक भेज रहे थे।
इसी बीच एक महिला का उसके पास फोन आया। फोन करने वाली ने बताया कि वह दिल्ली एयरपोर्ट से बात कर रही है। उनका विदेश से एक गिफ्ट आया। गिफ्ट काफी बड़ा है। उसमें काफी कीमती सामान लग रहा है। ऐसे में उक्त पार्सल को हासिल करने के लिए उन्हें एक्साइज विभाग द्वारा निर्धारित फीस भरनी होगी। फोन करने वाली महिला की बातों में आकर उन्होंने तुरंत 55 हजार भुगतान कर दिया। लेकिन गिफ्ट नहीं आया। इसके बाद उन्होंने महिला को कहा कि गिफ्ट की फोटो भेज दो, उक्त महिला ने फोटो तक नहीं भेजी। जिसके बाद वह समझ गई कि उनके साथ ठगी हो गई है।