खुद को केंद्रीय मंत्री पासवान का रिश्तेदार बताकर फ्लोर मिल मालिक को ठगने और मंथली मांगने का मामला सामने आया है। ठग ने अपने आपको केंद्रीय खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री रामविलास पासवान का नजदीकी रिश्तेदार भी बताया है। उसने पहले 50 हजार रुपये ठगे, फिर मंथली की मांग की। मंथली न देने पर छापा मरवाने की धमकी दी।
गाड़ी में चलने वाले इस फर्जी पदाधिकारी के पास एक असिस्टेंट भी है। रिश्वत के रूप में इस ठग ने एक लाख रुपये की मांग की थी। रुपये न देने पर डिपार्टमेंट के अधिकारियों द्वारा छापा मरवाने की धमकी दी थी। फ्लोर मिल मालिक को इस पूरे प्रकरण में दोनों लोगों पर शक हो गया।
उसने उन्हें रुपये तो थमा दिए, लेकिन पूरे मामले की वीडियो रिकॉर्डिंग करवा ली। इसे वह इसके बाद थाने ले गया और अभियुक्त को गिरफ्तार कर मामला दर्ज करने की मांग की। मामले को लेकर जैसे ही शहर में चर्चा हुई, राजनीतिक दल एवं सामाजिक संगठनों ने पहुंचकर चौकी इंचार्ज से मामला दर्ज करने की मांग की।
20 हजार रुपये मंथली देने की रखी कंडीशन
फ्लोर मिल मालिक नरेश कुमार ने बताया कि वसूली करने वालों ने धमकी दी थी कि आपकी गेहूं वह डिपो की दिखाकर कार्रवाई करवा देगा। अगर रुपये नहीं दिए तो आप यहां धंधा नहीं कर सकते। इस पर उसने 20 हजार रुपये मंथली पहुंचाने की डिमांड रखी। इसके अलावा उसी वक्त एक लाख रुपये दिए जाने की मांग रखी। बाद में दोनों तरफ से मामला 50 हजार में तय हो गया।
कई दिनों से चल रहा था खेल
जनसंघर्ष समिति के अध्यक्ष एवं हजकां नेता गौतम सरदाना ने कहा है कि इनकी गाड़ी पर फूड एंड सप्लाई मंत्रालय के मेंबर की प्लेट लगी है। ये लोग काफी दिनों से अवैध तरीके से वसूली कर रहे थे। जानकारी मिली है कि इन्होंने संत नगर व ऋषि नगर से भी अवैध वसूली की है। इस मामले की जड़ें गहरी हैं। प्रशासन व सरकार से मांग है कि इसकी गहनता से जांच कर मामले का भांडाफोड़ किया जाए।
पुलिस ने किया केस दर्ज
फ्लोर मिल मालिक नरेश अग्रवाल की शिकायत पर शिव कुमार सोनी व उसके ड्राइवर के खिलाफ धारा 384 के तहत केस दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता ने वीडियो भी उपलब्ध करवाई है, जिसकी जांच की जा रही है।
- महेंद्र सिंह, चौकी इंचार्ज मिलगेट हिसार