पंजाब के मोगा में नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी
रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। आप भी सावधान रहें, कही भारी नुकसान न हो जाए। मामला पंजाब के मोगा का है। थाना धर्मकोट पुलिस ने भारतीय रेलवे में नौकरी के लिए जाली नियुक्ति पत्र देकर 3.50 लाख रुपये ठगी करने के आरोप में दो पर मामला दर्ज किया है। इस मामले में नामजद आरोपी गुरदासपुर और अमृतसर के निवासी हैं।
पुलिस के मुताबिक धर्मकोट कोट ईसेखां रोड निवासी लखविंदर सिंह ने जिला पुलिस प्रमुख को शिकायत दी थी कि धर्मकोट निवासी उसके दोस्त गुरतेज सिंह और जनेर निवासी जसप्रीत सिंह को भारतीय रेलवे में नौकरी दिलाने के लिए ढिल्लवां (गुरदासपुर) निवासी सतविंदर सिंह उर्फ बाबू, कॉलोनी डूम वाली, अमृतसर निवासी अमृत कुमार ने उनको भारतीय रेलवे में टीटी की नौकरी दिलाने के लिए 10 लाख रुपये में सौदा तय किया।
उन्होंने कहा कि दोनों आरोपी कार बाजार लगाते थे। इसी दौरान उनकी जान पहचान आरोपियों से हुई थी। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने उनके पास से 3.50 लाख रुपये लिए थे। इसके बाद की रकम नियुक्ति पत्र मिलने पर दी जानी थी। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उन्हें भारतीय रेलवे का जाली नियुक्ति पत्र देने के अतिरिक्त उनको विभाग का पहचान पत्र भी दे दिया।
पीड़ितों को इन नियुक्ति पत्र और पहचान पत्र पर शक हुआ तो पड़ताल की गई। जिसमें धोखाधड़ी की पोल खुल गई। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि उन्हें जाली नियुक्ति पत्र देकर 3.50 लाख रुपये की ठगी की है। जिला पुलिस प्रमुख ने इस मामले की जांच डीएसपी (आई) को सौंपी थी। प्राथमिक जांच में आरोप साबित होने पर थाना धर्मकोट में आरोपियों खिलाफ ठगी के आरोप में केस दर्ज किया गया है।