हरियाणा के पानीपत जिले के गांव नांगलखड़ी के दो युवकों ने लड़की की आवाज में बुजुर्गों से फोन पर बात कर उनका मन मोह लिया। दोनों बुजुर्गों को प्यार में फंसाकर उनसे लगभग 18 लाख रुपये ठग लिए। दोनों युवकों ने बुजुर्गों को दो लड़कियों से भी मिलवाया ताकि पूरा विश्वास हो सके। जब बुजुर्गों को युवकों की शरारत के बारे में पता चला तो उन्होंने शिकायत सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। अब मामले की जांच की जा रही है।
सेक्टर-29 थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव नांगलखड़ी निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग ने बताया कि वो पेशे से किसान है। गांव के दो युवक एक माह पहले उनके पास आए थे। दोनों उसके सामने लड़की का जिक्र कर बहकाने लगे। उसको झांसा दिया गया कि उनके पास लड़की भेजी जाएगी। उसके पास दोनों युवक दो लड़की लेकर भी आए थे।
दोनों लड़कियों से उसका परिचय कराया गया। दोनों लड़कियों ने जमीला व उर्मिला के नाम से अपने नंबर उसके मोबाइल में सेव कराए और कहा गया कि जब भी वो कॉल करोगे... ये लड़कियां आ आएंगी फिर उसके फोन पर कॉल आई। फोन पर लड़की बात कर रही थी। लड़की ने उसको अपने प्यार में फंसा लिया। फोन पर बात करने वाली लड़की उससे बार बार दोनों युवकों को पैसे देने की बात कहती थी।
वो लड़की की बात मानकर दोनों को पैसे दे देता। उसने 14 जून से 30 जून तक लड़की के कहने पर 17.90 लाख रुपये दोनों को दिए लेकिन उसके पास लड़कियां नहीं आईं। इसकी अपने स्तर पर जांच की तो पता चला कि उससे फोन पर लड़कियां नहीं ब्लकि दोनों युवक ही लड़की बनकर बातें करते हैं। दोनों ने उसको लड़कियां के नाम पर फंसाया है। उसकी पुलिस से मांग है कि दोनों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाए।