पंजाब के जालंधर में 'बंटी और बबली' का कारनामा देखिए। फर्जी नाम और पते पर ट्रैवल एंजेंसी खोलकर 21 लोगों को ठगा और लाखों रुपये लेकर फरार हो गए। कुवैत में रोजगार दिलाने के नाम पर इन लोगों से पैसा ऐंठा गया।
मामला पुलिस के पास पहुंचा तो जांच में पता चला कि जो महिला खुद को गणेश टूर एंड ट्रेवल का डायरेक्टर शालिनी गुप्ता बता रही थी, उसका नाम और पता दोनों गलत थे। अब उक्त महिला दफ्तर बंद कर फरार हो चुकी है। ठगी का शिकार हुए 18 लोगों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने जांच रिपोर्ट में लिखा है कि महिला ने नाम और पता फर्जी लिखवाया है। हालांकि युवकों के पास उसके मोबाइल नंबर, कार का टैंपरेरी और एक्टिवा का नंबर थे। उसके आधार पर भी पुलिस इस शालिनी की पहचान नहीं कर पाई है। पुलिस ने शालिनी समेत दो के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने शिकायतकर्ता शाम लाल, मंगत कुमार, विजय कुमार, गुलशन, प्यारा सिंह, लियाकत अली, दलजीत कुमार, सुरिंदर कुमार, सरबजीत राणा, दिलबाग सिंह, अंग्रेज सिंह और बलबीर सिंह समेत बीस युवकों के बयान पर यह केस दर्ज किया गया है।
थाना डिवीजन नंबर छह में यह एफआईआर दर्ज की गई है जिसमें धोखाधड़ी के साथ साथ इमीग्रेशन एक्ट की धारा भी लगाई गई है। यह मामला एक महिला समेत दो लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए छानबीन कर रही है।