गुरदासपुर: नौकरी दिलाने के नाम पर 1.50 लाख रुपये ठगे
गुरदासपुर थाना सिटी पुलिस ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1.50 लाख रुपये की ठगी के मामले की आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। जसप्रीत निवासी जंगल थाना सदर पठानकोट ने बताया कि आरोपी मनप्रीत कौर निवासी बल्ल ने उसे मेडिकल में पास कराने और नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1.50 लाख रुपये ठगे हैं। आरोपी ने उसे जाली ज्वाइनिंग लेटर भी तैयार कर दिया। ठगी का पता चलने पर जब उसने आरोपी से पैसे मांगे तो वह टालमटोल करने लगी। इस पर उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पठानकोट: दिनदहाड़े एक घंटे में 5 लाख के गहने और नकदी चोरी
पठानकोट के गांव नंगलियां चक्क में एक महिला अपने पति के क्लीनिक पर गई तो चोरों ने घर से पांच लाख के गहने और 28 हजार की नकदी उड़ा दी। शिकायत मिलने पर थाना डमटाल पुलिस ने अज्ञात पर मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। वारदात दोपहर 12 से एक बजे के बीच की है। गांव नंगलियां चक्क निवासी डोली ने बताया कि दोपहर 12 बजे के करीब वह शेखूपुर स्थित पति के क्लीनिक पर गई थी। उसने गेट को ताला लगाया था। जब वह करीब एक घंटे बाद लौटी और ताला खोलकर अंदर गई तो अलमारी का लॉकर टूटा था और सारा सामान बिखरा पड़ा था। जब उसने लॉकर में देखा तो वहां से पांच लाख के सोने के गहने और 28 हजार रुपये की नकदी गायब थी। इसकी सूचना थाना डमटाल को दी। थाना डमटाल में सूचना मिलने पर एएसआई नीरज कुमार व अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। जांच अधिकारी का कहना है कि महिला के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बरनाला: 75 हजार रुपये की ठगी में नौ माह बाद मामला दर्ज
बरनाला के महिलकलां के रहने वाले एक व्यक्ति के साथ दिल्ली के रहने वाले एक व्यक्ति ने 75 हजार रुपये की ठगी कर ली, महिलकलां पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना महिलकलां के प्रभारी सुखविंदर सिंह संघा ने बताया कि शेखर गुप्ता ने शिकायत दर्ज करवाई कि 11 अप्रैल 2022 को उसके मोबाइल पर किसी ने फोन करके कहा कि व बैंक से बोल रहा है। अगर आप अपने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाना चाहते हो तो मुझे आधार कार्ड की कॉपी, पैन कार्ड की कॉपी व क्रेडिट कार्ड की फोटो कॉपी भेज दो। उसने उस पर भरोसा कर तीनों दस्तावेज भेज दिए, उसके बाद शेखर गुप्ता को एक लिंक भेजा गया, जिस पर क्लिक करने पर उसके बैंक खाते में से एक बार 49999 रुपये फिर 25 हजार रुपये निकालने का मैसेज आया। उसने तुरंत बैंक को सूचित किया और महिलकलां पुलिस को भी 11 अप्रैल 2022 को सूचित किया। आखिर नौ माह के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस ने नौ माह की जांच के बाद राजिंदर सिंह निवासी मंगवाल जिला संगरूर व दिल्ली के रहने वाले आरोपी पुष्पिंदरा आहीरवाद, संदीप कुमार गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।