सेक्टर-17 पुलिस ने शुक्रवार को पंजाब एंड सिंध बैंक के दो कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार पंचकूल सेक्टर-6 निवासी प्रीत मोहिंद्र कोहली ने सेक्टर-17 की शाखा में आठ लाख रुपये जमा करवाए थे, लेकिन बैंक कर्मचारी संदीप शर्मा और एपी सिंह ने उनके खाते में यह राशि जमा नहीं की।
शिकायतकर्ता का यह कंपनी खाता है। शिकायतकर्ता प्राइवेट लिमिटेड के नाम से एक फर्म चलाते हैं। उन्होंने उक्त बैंक से अपनी 20 करोड़ की प्रॉपटी गिरवी रखकर बैंक से एक करोड़ 10 लाख का लोन लिया था।
पिछले वर्ष 30 मार्च को वह बैंक में करंट अकाउंट में आठ लाख रुपये जमा करवाने गए थे। बैंककर्मियों ने उन्हें पैसे जमा होने की रसीद भी दी, लेकिन तीन महीने बाद उन्हें पता चला कि बैंककर्मियों ने उनके खाते में पैसे जमा नहीं किए।
उल्टा बैंक ने उनके खाते को एनपीए घोषित कर दिया। इससे वह अब किसी भी बैंक से लोन नहीं ले सके। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साल जून में पुलिस में उक्त बैंककर्मियों के खिलाफ शिकायत दी थी और करीब एक साल बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वहीं सेक्टर-17 पुलिस थाना प्रभारी दिलशेर चंदेल का कहना है कि आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।