1.15 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में भाजपा नेता विभोर बतरा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है। इससे पहले भी बतरा के खिलाफ करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।
अब सेक्टर-12 ए निवासी सरोज रानी की शिकायत के बाद पुलिस ने सेक्टर-पांच थाने में बतरा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास और तेज कर दिए हैं।
इससे पहले बतरा के खिलाफ पूर्व डीजीपी लक्ष्मण दास की शिकायत पर भी मामला दर्ज किया जा चुका है, जबकि फरीदकोट के कुछ लोगों से सेब के बगान के नाम पर वसूली गई रकम की धोखाधड़ी की भी पुलिस को शिकायत दी गई थी।
पहले से दर्ज हैं धोखाधड़ी के केस
सेक्टर 12-ए निवासी सरोज रानी ने पुलिस को दी शिकायत में बतरा पर 1.15 करोड़ रुपये की ठगी का बतरा पर आरोप लगाया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संपत्ति की खरीद-बिक्री के नाम पर बतरा ने एक करोड़ से अधिक की ठगी की थी।
डीजीपी लक्ष्मण दास ने भी बतरा के खिलाफ 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। उधर, डीसीपी हामिद अख्तर के मुताबिक, बतरा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट हासिल करने के बाद गिरफ्तारी के लिए जल्द ही टीम को नेपाल भेजा जा सकता है।
इससे पहले पुलिस ने देहरादून एयरपोर्ट की पार्किंग से विभोर बतरा की इनोवा बरामद की थी और 20 सितंबर को बतरा के फ्लाइट से नेपाल जाने की पुष्टि हुई थी।