चंडीगढ़ सेक्टर 35सी में एक बदमाश ने मोहाली के प्रॉपर्टी डीलर की कनपटी पर पिस्तौल तानकर फॉर्च्यूनर लूट ली। वारदात मंगलवार रात साढ़े बजे बर्गर किंग के पास हुई। सूचना के बाद पुलिस ने शहर में नाकाबंदी की लेकिन रात साढ़े 12 बजे तक कोई कामयाबी नहीं मिली। पुलिस के अनुसार प्रॉपर्टी डीलर हरजिंदर सिंह मोहाली के बडमाजरा में रहते हैं।
मंगलवार रात को हरजिंदर अपनी सफेद फॉर्च्यूनर (सीएच01बीवी0361) से चंडीगढ़ के सेक्टर-35 स्थित बर्गर किंग आए थे। रात करीब 9.30 बजे घर जाने के लिए जैसे ही उन्होंने गाड़ी स्टार्ट की तो मास्क लगाए और हरे रंग की शर्ट पहने एक युवक ने उनकी कनपटी पर पिस्टल रख दी और बोला कि गोली खा या गाड़ी छोड़ दे। दहशत में आकर हरजिंदर नीचे उतर गए और युवक फॉर्च्यूनर लेकर फरार हो गया। शोर शराबे के बाद लोग जमा हो गए।
सूचना मिलते ही साउथ डीएसपी नेहा यादव, डीएसपी गुरमुख सिंह समेत सेक्टर-36 थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच और ऑपरेशन सेल की टीम मौके पर पहुंची। पीड़ित का बयान दर्ज कर जांच शुरू की। हैरानी की बात है कि वारदात के वक्त मौके पर और भी गाड़ियां और लोग मौजूद थे। इसके बावजूद आरोपी वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गया।
पुलिस ने किए रास्ते सील
वारदात के बाद पुलिस एरिया में पेट्रोलिंग बढ़ाकर एरिया चारों ओर से सील कर दिया। इसके अलावा पुलिस मोहाली और जीरकपुर बार्डर पर मुस्तैदी बढ़ाकर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। वहीं पुलिस घटनास्थल, चौक, लाइट प्वाइंट समेत आसपास एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।