सेक्टर-5 में स्थित पूर्व विधायक सतिंदर राणा के गजल रेस्टोरेंट को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की इस्टेट कार्यालय की टीम ने लीज खत्म होने की वजह से सुबह सील कर दिया, लेकिन जैसे ही रेस्टोरेंट के सील होने की सूचना पूर्व विधायक सतिंदर राणा को मिली वह मौके पर पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने हुडा के अधिकारियों से बात की और शाम को हुडा प्रशासक के आदेश पर रेस्टोरेंट का ताला खोलने अधिकारी खुद पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट की लीज खत्म होने पर हुडा की इस्टेट कार्यालय की टीम ने प्रबंधकों को एक सप्ताह का समय दिया था। लेकिन समय पूरा होने पर मंगलवार सुबह करीब 11 बजे टीम पुलिस बल के साथ रेस्टोरेंट को सील करने पहुंच गई। टीम के पहुंचते ही रेस्टोरेंट में अफरातफरी मच गई। जिस समय टीम कार्रवाई के लिए पहुंची तो रेस्टोरेंट में एक किटी पार्टी चल रही थी। हुडा के इस्टेट अधिकारी ने रेस्टोरेंट के प्रबंधक से कहा कि पार्टी खत्म होने के बाद इस एरिया को सील किया जाएगा। हालांकि पुलिस और अधिकारियों को देखते ही लोग चले गए।
कर्मचारी रह गए ऊपर
Hotel Seal
- फोटो : अमर उजाला
इसके बाद हुडा अधिकारियों ने रेस्टोरेंट के कागजातों को चेक किया। जब कागज पूरे नहीं मिले तो रेस्टोरेंट को सील कर दिया। रेस्टोरेंट सील होने की जानकारी जब मालिक पूर्व विधायक सतिंदर राणा को मिली तो वह मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई का कारण पूछा। हुडा के ईओ मनीष लोहान ने बताया कि लीज खत्म होने की वजह से यह कार्रवाई की गई है।
ईओ मनीष लोहान ने बताया कि कार्रवाई के बाद दोपहर में रेस्टोरेंट प्रबंधन हुडा के एडमिनिस्ट्रेटर हरदीप सिंह से मिला और उनको कागजात दिए। प्रबंधन द्वारा लीज को रिन्यू नहीं करवाया गया था। इसके लिए तीन सप्ताह का समय मांगा गया है। प्रबंधन ने एडमिनिस्ट्रेटर से समय मांगने के साथ कहा है कि तीन सप्ताह में लीज मनी के साथ सारा बकाया जमा करवा दिया जाएगा।
हुडा ने रेस्टोरेंट को सील कर दिया तो पता चला कि कुछ कर्मचारी ऊपर ही रह गए हैं। जो कि सामान उतारने के लिए चढ़े थे। ऐसी स्थिति में इस्टेट कार्यालय के अधिकारियों ने इन कर्मचारियों को सीढ़ी लगाकर उतारा। हुडा की टीम ने होटल में सप्लाई किए जाने वाले पानी का कनेक्शन भी हटा दिया।