चुनाव आचार संहिता के लागू होने के कारण वीरवार को चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की ओर से 320 फ्लैटों लिए निकाले जाना वाला ड्रा स्थगित कर दिया गया। पहले ड्रा 4 मार्च को निकलना था, लेकिन इसे 6 मार्च के लिए स्थगित कर दिया गया था।
ड्रा अगर चार मार्च को निकल जाता तो लोगों को फ्लैट अलॉट हो गए होते क्योंकि उस दिन चुनाव आचार संहिता नहीं लगी थी। अब इन फ्लैटों के लिए लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
कई लोग तो सुबह सीएचबी के कार्यालय में होने वाले ड्रा में हिस्सा लेने के लिए भी पहुंच गए थे। वहां आकर उन्हें पता चला कि ड्रा स्थगित हो गया है।
सीएचबी की ओर से डॉ.अंबेडकर आवास योजना 2009 के तहत एक कमरे के 320 फ्लैटों के लिए फाइनल ड्रा निकाला जाना है। सीएचबी ने डॉ.अंबेडकर आवास योजना 2009 के तहत प्रारंभिक ड्रा 9 अक्तूबर, 2009 को निकाला था।
ऐसे में प्रारंभिक ड्रा में सफल रहे लोग लगभग साढ़े चार सालों से फाइनल ड्रा का इंतजार कर रहे हैं। अब जब ड्रा की तिथि तय हो गई तो चुनाव आचार संहिता लगने के कारण लोगों का फ्लैट मिलने का सपना अधूरा रह गया।
इस योजना के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को सेक्टर-38 (वेस्ट), 49 और 50 में फ्लैट दिए जाने हैं।
सीएचबी ने 24 फरवरी इस योजना के उन असफल आवेदकों से आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं, जिनका नाम सफल आवेदकों की सूची में नहीं था। गत सोमवार को इस योजना के तहत आपत्ति दर्ज कराने वालों को निजी सुनवाई हुई थी।
सीएचबी की ओर से 415 सफल आवेदकों की सूची तैयार की गई थी, जिनमें से 320 का नाम ड्रा में निकाला जाना था। इस योजना के तहत जहां 240 फ्लैट अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को अलॉट किए जाने हैं, वहीं 80 फ्लैट सफाई कर्मियों को अलॉट होने हैं।