सतीश कुम्हार का नाम आते ही भिवानी पुलिस हुई सक्रिय
सीकर में गैंगस्टर राजू ठेहट की हत्या में भिवानी के सतीश कुम्हार का नाम सामने आने के बाद भिवानी पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि भिवानी पुलिस के रिकॉर्ड में सतीश कुम्हार के नाम से अभी तक कोई भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है, लेकिन फिर भी पुलिस लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े इस नाम का रिकॉर्ड खंगालने में जुटी है।
भिवानी जिले के गांव गौरीपुर निवासी नवीन बॉक्सर का नाम भी गैंगस्टर राजू ठेहट की हत्या में सामने आया था। भिवानी पुलिस ने जांच की तो नवीन बॉक्सर की भूमिका अभी स्पष्ट नहीं हो पाई। नवीन बॉक्सर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है। नवीन का भिवानी में कोई आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज नहीं है। नवीन बीकानेर में एक पेट्रोल पंप लूट की योजना बनाते पकड़ा गया था और फिलहाल जमानत पर बाहर है। नवीन लॉरेंस बिश्रोई गैंग का शूटर है। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी लॉरेंस गैंग के भिवानी जिले के एक नाबालिग शूटर का नाम आया था।
पंचायत चुनाव के दौरान गांव में थे दोनों
चरखी दादरी के गांव डांडमा के मौजिज लोगों से सतीश और जतिन को लेकर पूछताछ की तो सामने आया कि ये दोनों पंचायत चुनाव के दौरान गांव में ही थे। चुनाव के बाद से वो नहीं देखे गए। दोनों की छवि गांव में बिल्कुल साफ थी और राजू ठेहट हत्याकांड में उनका नाम सामने आने से ग्रामीण भी अचंभित हैं।
बचपन के दोस्त है दोनों, फेसबुक पर डालते रहते थे पोस्ट
डांडमा के ग्रामीणों के अनुसार सतीश और जतिन दोनों बचपन के दोस्त है और अक्सर इकट्ठे रहते थे। सतीश ने सतीश हरियाणा के नाम से फेसबुक आईडी बना रखी है और उसकी फ्रेंड लिस्ट में 1344 दोस्त हैं। वहीं, जतिन उर्फ जोनी की फेसबुक आईडी जोनी पहलवान डांडमा एचआर के नाम से है। उसके करीब 3105 दोस्त हैं। दोनों की फेसबुक आईडी में राजस्थान के कई युवा जुड़े हैं। दोनों फेसबुक पर अपनी फोटो और पोस्ट डालते रहते थे।
हत्याकांड की सूचना हमें भी मिली थी और जो वीडियो फुटेज सामने आई थी उसमें डांडमा निवासी सतीश और जतिन की पहचान हो गई थी। दादरी पुलिस अलर्ट थी और हमारा प्रयास था कि हमारी सीमा में आते ही दोनों को दबोच लिया जाए। उससे पहले ही ये दोनों राजस्थान पुलिस के हत्थे चढ़ गए। -विरेंद्र सिंह, डीएसपी हेडक्वार्टर।