फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो सगे भाईयों पर शूटर्स ने बरसाई गोलियां, बाल-बाल बचे

Mon, 20 Jun 2016 12:24 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रेवाड़ी
विज्ञापन
युवकों पर गोलियां चलाने वाला शूटर गिरफ्तार - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
रेवाड़ी में एनएच-71 पर लिसाना गांव के पास दो सगे भाइयों पर बाइक सवार छह बदमाशों में से दो ने चलती बाइक पर फायर झोंक दिये। हमले में दोनों के बचने पर शूटर्स ने बाइक रोकी और बदमाश ने एक भाई के सीने पर तमंचा तान दिया। हालांकि दोनों भाइयों ने बहादुरी दिखाते हुए तमंचा हटा बदमाश को पकड़कर शोर मचा दिया। मौके से पांच बदमाश बाइक लेकर फरार हो गये। जबकि पिटाई से घायल एक बदमाश को पहुंचे ग्रामीणों ने स्थानीय सदर थाना पुलिस को सौंप दिया, जिसे उपचार के लिए रोहतक पीजीआई रेफर करा दिया गया है।
विज्ञापन


पुलिस की भर्ती के लिए दौड़ लगाने गये थे दोनों भाई
लिसाना गांव निवासी दो सगे भाई सोनू और भूपेंद्र पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे हैं और रोजाना की तरह रविवार सुबह भी एनएच-71 पर दौड़ लगा रहे थे। सुबह करीब साढ़े 6 बजे वापस लौटते समय हाइवे पर लिसाना के निकट दो बाइक पर सवार होकर आए छह बदमाशों ने एक के बाद एक कर तीन से चार फायर झोंके लेकिन गोली दोनों में से किसी भाई को नहीं लगी। इस पर एक बदमाश बाइक से उतरा और भूपेंद्र पर तमंचा तान दिया। हालांकि भूपेंद्र और सोनू ने बहादुरी दिखाई और तमंचा हटाते हुए बदमाश को मौके पर ही काबू कर लिया।

भीड़ ने की बदमाश की धुनाई, 11 कारतूस बरामद
दोनों भाईयों ने शूटर नीटू को मौके से ही धरने के बाद हाथ से जमकर पिटाई की। मौके पर जमा हुई भीड़ ने भी बदमाश पर जमकर हाथ साफ किये। वहीं सूचना पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने मौके से तमंचे के अलावा 11 कारतूस भी बरामद किये हैं। जिससे माना जा रहा है कि शूटर पूरी तैयारी के साथ आए थे। 
विज्ञापन


रोहड़ाई के रहने वाले खान ने बुलाए थे शूटर
मौके पर पकड़े गए शूटर बुड़ौली निवासी नीटू ने पुलिस को बताया कि उसे रोहड़ाई निवासी खान ने अपने पास एक रात पहले ही बुलाया था। उसे व उसके साथियों को सिर्फ यह बताया गया था कि किसी को मारने चलना है और इसके एवज में रुपये भी मिलेंगे। पुलिस ने इस मामले में खान व उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी है। 

जमीनी विवाद में ही हो चुकी है हत्या
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामला जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ है। सूत्रों के अनुसार वारदात में गांव लिसाना का ही अनिल नाम का व्यक्ति भी शामिल था, जिस पर पहले ही हत्या का मुकदमा दर्ज है। अनिल ने गंगाचया निवासी प्रभु की हत्या जमीन को लेकर पांच साल पूर्व की थी। इसी जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा है। इसके अलावा पुलिस मामले को ट्विंकल हत्याकांड से भी जोड़कर देख रही है। ट्विंकल की हत्या करीब आठ माह पूर्व लिसाना में ही हुई थी और आरोप भूपेन्द्र के परिवार के लोगों पर लगा था। पुलिस फायरिंग की इस वारदात को उक्त दोनों मामलों से जोड़कर देख रही है।

पवन कुमार, एसएचओ, सदर ने बताया ‌क‌ि वारदात के कारणों के बारें में अभी सुराग लगाया जा रहा है। बदमाश नीटू से पूछताछ की जा रही है। वारदात में शामिल सभी आरोपियों के नाम सामने आ चुके है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया जाएगा। 
विज्ञापन

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें