एक युवक पूर्व विधायक के घर पहुंच विधायक को धमकी भरा पत्र थमा मांगी 50 लाख की चौथ। जाते-जाते गोली भी चला दी।
मामला हरियाणा के रोहतक का है। युवक पूर्व विधायक बीबी बतरा के घर तक पैदल आया और रैकी की। जैसे ही बतरा गाड़ी से उतरे तो उनके हाथ में निमंत्रण पत्र के बहाने धमकी भरा पत्र थमा दिया। जाते-जाते गोली भी चला दी।
गोली गाड़ी में लगी है। हालांकि तब तक बतरा घर में प्रवेश कर गए थे। पत्र में लिखा गया है कि 50 लाख रुपये नहीं दिए तो जान से मार देंगे। पत्र के नीचे आसन गांव निवासी प्रदीप उर्फ काला का नाम लिखा है। पुलिस ने पूर्व विधायक के बयान पर प्रदीप और एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने प्रदीप के दोस्त को हिरासत में ले लिया है। हालांकि कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। पुलिस चाहे अब कितनी भी तेजी दिखाए, पूरी वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। जब वीवीआईपी भी सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी पुलिस से क्या उम्मीद कर सकता है। मामला बुधवार देरशाम का है। गाड़ी बार प्रधान लोकेंद्र फौगाट की है। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। बतरा की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
शहर के पूर्व विधायक बुधवार देर शाम दिल्ली से घर लौटे थे। घर के बाहर गाड़ी से उतरे तो गेट पर एक युवक दिखाई दिया। जींस और सफेद टी-शर्ट पहने युवक बतरा के नजदीक पहुंच गया। उसने पूर्व विधायक के हाथ में कुछ कागज पकड़ाए और पूछने पर कहा कि निमंत्रण है। बतरा पत्र लेकर भीतर घुस गए और ड्राइवर सामान निकालने लगा।
इसी दौरान जोर का धमाका हुआ। भीतर जाकर बतरा ने पत्र पढ़ा तो पता चला कि उनसे 50 लाख की चौथ मांगी गई है। इस पर वे तुरंत बाहर आए और चालक से पूछा कि फायरिंग हुई है। तुरंत एसपी शशांक आनंद को सूचना दी। एसपी आनंद, डीएसपी अमित भाटिया, सिविल लाइन पुलिस और तीनों सीआईए की टीम मौके पर पहुंचीं।