मुख्यमंत्री खट्टर के संसदीय क्षेत्र करनाल में फाइनेंसर ने एक व्यक्ति को बांधकर उसके बेटे पर सरेबाजार गोलियां चला दीं। इससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और कई व्यापारियों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा लिए। उधर, बाजार में भीड़ होने के कारण दोनों आरोपियों को भागने का मौका नहीं मिला और कुछ लोगों की मदद से आरोपियों को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया।
जिस आल्टो कार में फाइनेंसर आए थे, भीड़ में उसकी अगली खिड़की का शीशा भी तोड़ दिया। उधर, शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक वारदातों से बाजार के व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ बवाल काटा और बदमाशों के बढ़ते हौसलों पर रोष जताया।
डीएसपी राजकुमार कौशिक ने मौके पर आकर व्यापारियों को समझाया और केस में कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद व्यापारी शांत हुए। सिटी थाना पुलिस ने जानलेवा हमला और आर्मज एक्ट के तहत बहादुरगढ़ के फाइनेंसर राजबीर सिंह और उसके बेटे दिपांशु पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है।
बढ़ती वारदातों पर व्यापारियों ने काटा बवाल
मलका मोहल्ला के सतीश ने बताया कि करीब तीन साल पहले वह बहादुरगढ़ में रहता था। उसके बेटे सोनू ने फाइनेंसर राजबीर सिंह से ब्याज पर चालीस हजार रुपये लिए थे। सतीश का दावा है कि ब्याज सहित रुपये उन्होंने लौटा दिए हैं।
बावजूद इसके छह माह में वह रुपये बकाया दिखा देता है। इससे वह परेशान हैं और इससे पहले भी फाइनेंसरों ने उनसे मारपीट की हुई है। शनिवार सुबह साढ़े दस बजे फाइनेंसर राजबीर सिंह और उसका बेटा दिपांशु आए। राजबीर ने दोनाली बंदूक ली हुई थी।
कर्ण गेट स्थित एक दुकान पर कार्यरत सतीश से सोनू के बारे में पूछा, लेकिन सोनू उस दुकान पर नहीं मिला। फाइनेंसर राजबीर ने सतीश का हाथ पकड़कर घर जाकर बात करने को कहा और पैदल ही लेकर चल दिए। सामने से सोनू कुछ सामान के साथ आ रहा था। सोनू सामान छोड़कर भागने लगा तो फाइनेंसर ने भरे बाजार में उस पर गोली चला दी।
गोली किसी को नहीं लगी, आरोपी ने लगातार दो गोलियां दागी, लेकिन बंदूक की आवाज से सर्राफा बाजार में दहशत मच गई। कई व्यापारियों ने फटाफट शटर तक बंद कर दिए। भीड़ के चलते फाइनेंसर भाग नहीं सके और व्यापारियों के साथ मौके पर पुलिस ने पकड़ लिए।
सीएम सिटी का ये तोहफा मिल रहा है हमें
सर्राफा व्यापारी गुलजारी लाल ने कहा कि सर्राफा बाजार में इस तरह सरेआम गोली चलाना गुंडागर्दी नहीं तो और क्या है? व्यापारियों में दहशत डालना है। यहां पर करोड़ों रुपये का लेन देन होता है। ऐसी जगह पर छोटी-छोटी बातों पर गोली चलने लगी तो व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं। व्यापारी नितिन का कहना है कि क्या हमें सीएम सिटी का यही तोहफा मिल रहा है। एक दिन पहले कैशियर को गोली मारकर 25 लाख रुपये लूट लिए और सर्राफा बाजार में आकर गोली चलाना बिलकुल गलत है।
पुलिस ने सुरक्षा बढ़ानी होगी। लोगों में पुलिस नाम का कोई खौफ नहीं रह गया है। व्यापारियों ने वारदात के बाद पुलिस के खिलाफ जमकर गुस्सा निकाला और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। डीएसपी राजकुमार कौशिक ने व्यापारियों को समझाया। उधर, सिटी थाना के प्रभारी श्रीदत्त शर्मा का कहना है कि आरोपियों ने युवक के पिता को बंधक बनाकर सोनू पर फायर किए। पैसे के लेनदेन का मामला है। आरोपी दिपांशु व राजबीर सिंह दोनों पिता पुत्र निवासी बहादुरगढ़ को हथियार सहित काबू किया है।