होजरी कारखाने में लगी आग
सुमित कालड़ा की कल्याण नगर में कालड़ा निटवेयर के नाम से होजरी फैक्टरी है। फैक्टरी में होजरी गुड्स बनता है। मजदूरों ने बताया मंगलवार की रात सभी काम खत्म कर अपने घर चले गए। फैक्टरी मालिक ने प्रेसमैन के तौर पर काम करने वाले सत्यप्रकाश को रोक लिया और धनंजय से भी दो मजदूर लगाकर रात में काम खत्म करने की बात कही। धनंजय दिहाड़ी पर रब्बान और मोहम्मद आजाद को लाया। फैक्ट्री मालिक जाते समय ऊपर जाने वाले सीढ़ियों में लगे गेट और नीचे से कालड़ा में ताला लगाकर चला गया।
सुबह करीब साढ़े तीन बजे अचानक से फैक्ट्री में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। इसी दौरान एक मजदूर ने सामने फैक्ट्री में काम करने वाले साथी को फोन किया। इसके बाद फैक्ट्री के बाहर के लोगों को आग लगने का पता चला। उन्होंने खुद फैक्ट्री मालिक को भी फोन किया। फैक्ट्री मालिक ने ताला खोला और खुद गायब हो गया।
फैक्ट्री मालिक सुमित कालड़ा पूरी फैक्ट्री को ताला लगाकर चला गया था। उसने एक भी दरवाजा ऐसा नहीं छोड़ा कि मजदूर बाहर निकल सके। फैक्ट्री मालिक सुमित कालड़ा पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - डॉ. सुखचैन सिंह गिल, पुलिस कमिश्नर