प्रेसवार्ता करते आईजी जालंधर रेंज जीएस ढिल्लो, साथ में एसएसपी हरकमलप्रीत सिंह खख, एसपी जगजीत सिंह सरोआ
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के कपूरथला जिले के गांव निजामपुर मोड़ पर स्थित गुरुद्वारा साहिब में रविवार को बेअदबी के शक में मॉब लिंचिंग मामले में पुलिस ने छठे दिन ग्रंथी समेत 101 लोगों पर कत्ल का केस दर्जकर लिया है। इसमें 100 लोग अज्ञात हैं, जिनमें 25 लोग तेजधार हथियारों से लैस थे। जिला पुलिस ने कत्ल का केस दर्ज कर लिया है। गुरुद्वारा साहिब के केयरटेकर बाबा अमरजीत सिंह को हिरासत में ले लिया गया है और माननीय अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड भी लिया है। इसकी पुष्टि आईजी जालंधर रेंज जीएस ढिल्लो ने शुक्रवार की शाम को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में की।
उन्होंने बताया कि यह सारा मामला बेअदबी से जुड़ा न होकर साजिशन हत्या का है और इन लोगों ने अबोध युवक की क्रूरता से हत्या की है। आईजी जीएस ढिल्लो ने कहा कि घटना वाले दिन ही उन्हें यह मामला कत्ल का लग रहा था लेकिन मामले की गंभीरता से जांच करना भी बेहद जरूरी था। अब सभी तथ्यों को गंभीरता से जांचने के बाद पुलिस टीम ने हत्या का मामला दर्ज किया है। साथ ही पुलिस की ड्यूटी में बाधा पहुंचाने और कुछ पुलिसकर्मियों को जख्मी करने का मामला भी जोड़ा गया है। पूरे मामले में बाबा अमरजीत सिंह व 100 अज्ञात लोगों पर भी मामला दर्ज किया गया है।
बीते रविवार को कपूरथला के गांव निजामपुर के नजदीक गुरुद्वारा साहिब में एक युवक के घुसने के बाद बेअदबी के शक में गुस्साई भीड़ ने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद एसएसपी कपूरथला ने बेअदबी का कोई स्पष्ट साक्ष्य न मिलने की बात कही थी। जबकि दूसरी तरफ आईजी जीएल ढिल्लो ने दो मामले दर्ज करने की बात कहकर बाद में यूटर्न ले लिया था। वहीं युवक का एक दिन पहले का वीडियो वायरल हुआ। इसके बाद उक्त मामले का संज्ञान मुख्यमंत्री ने लिया और इसमें हत्या का मामला दर्ज करने का आदेश दिया। जिसके बाद जिला पुलिस ने शुक्रवार को हत्या का मामला दर्ज कर गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी अमरजीत सिंह को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद किया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनकी वीडियो से पहचान करने में जुटी हुई है। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी तेज की जाएगी। आईजी ने बताया कि ग्रंथी अमरजीत सिंह बाबा पर 2016 में चोरी की कार पर गलत नंबर लगाकर इस्तेमाल करने का मामला थाना सदर नवांशहर में दर्ज है।