रोहतक की सुनारिया जेल में बंदियों के बीच झगड़े के मामलों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। रविवार देर रात जेल में गिनती के समय जानलेवा हमले के मामले में बंद दो बंदियों ने अन्य बंदी पर हमला बोल दिया, जिससे वह घायल हो गया। बताया जा रहा है कि हमले में घायल का हाथ आरोपी से लग गया था। इसी से गुस्सा कर आरोपियों ने हमला बोल दिया। किसी तरह पुलिस ने मामला शांत कराया। घायल को पीजीआई में भर्ती कराया गया। शिवाजी कॉलोनी थाने पर केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार सुनारिया जेल में बंदियों की गिनती चल रही थी। आरोप है कि भाली के जानलेवा हमले के मामले में बंद मोहित को खेड़ी साध के जानलेवा हमले के मामले में बंद प्रदीप का हाथ लग गया। आरोप है कि इससे गुस्साए मोहित ने प्रदीप के साथ अभद्रता शुरू कर दी। इसके बाद मोहित और उसके साथी भैणी सुरजन के जानलेवा मामले में बंद रोहित ने किसी धारदार हथियार से प्रदीप पर हमला बोल दिया, जिससे प्रदीप घायल हो गया।