साठ साल के एक व्यक्ति ने अपनी 13 साल की बेटी से दुराचार किया। बार-बार दुराचार करने से लड़की गर्भवती हो गई। आरोपी ने उसका गर्भपात करवाना चाहा, लेकिन पैसों की कमी से वह ऐसा नहीं करवा पाया। लड़की पांच माह की गर्भवती है। ग्रामीणों को शक हुआ तो उन्होंने जिला बाल विकास व सुरक्षा विभाग के अधिकारी को इसकी सूचना दी। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ। विभाग की महिला अधिकारी की लिखित शिकायत पर पुलिस थाना सेखवां ने आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया।
आरोपी को मंगलवार को बटाला कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। आरोपी राइस शैलर में मजदूरी करता है। गौरतलब है कि आरोपी के दो बेटे है और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। एक बेटे की कुछ साल पहले एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। दूसरा बेटा बाहर काम करता है लेकिन घर नहीं आता। उसकी पत्नी कई साल पहले उसे छोड़ कर जा चुकी है। सबसे छोटी बेटी से आरोपी ने दुराचार किया। मंगलवार को बटाला के सिविल अस्पताल में पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए लाया गया।