फतेहाबाद के एक इलाके में एक बाप ने अपने भतीजे के साथ मिलकर रिश्ते तार-तार कर दिए और 11 साल की बेटी से दुराचार कर डाला। मामला सामने आने के बाद शहर पुलिस ने सामान्य अस्पताल में पीड़िता का मेडिकल करवाया। मेडिकल में बलात्कार की पुष्टि होने के बाद महिला थाने में आरोपी पिता एवं चचेरे भाई के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मामला सामने आते ही पिता और ताऊ का लड़का फरार हो गए।
बाल संरक्षण समिति की ओर से काउंसिलिंग के दौरान पीड़िता ने बताया कि अप्रैल से लगातार उसका यौन शोषण किया जा रहा है। शुक्रवार शाम 11 साल की किशोरी को लेकर एक व्यक्ति जिला बाल संरक्षण समिति की चेयरपर्सन अनीता के पास पहुंचा। पीड़िता ने अपने साथ हुई हैवानियत के बारे में चेयरपर्सन अनीता बताया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसकी मां की मौत हो चुकी है। इसके बाद वह ताऊ के घर में रहने लगी। वहां ताऊ के बेटे ने उसके साथ बलात्कार किया। इसके बाद वह पिता के साथ रहने लगी। आरोप है कि पिता ने भी उसे हैवानियत का शिकार बनाया।
पीड़िता को चाइल्ड प्रोटक्शन हाउस भेजा
बाल संरक्षण चेयरमैन अनीता जोड़ा ने पीड़ित किशोरी की काउंसिलिंग करवाई। पीड़िता का कहना था कि अप्रैल 2017 से उसका कई बार यौन शोषण किया गया है। काउंसिलिंग के बाद पीड़िता को चाइल्ड प्रोटक्शन हाउस भेज दिया गया। इसके बाद बाल संरक्षण समिति ने मामले पर कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण को पत्र लिखा। पुलिस अधीक्षक ने मामला संज्ञान में आते ही तुरंत शहर थाने के अधिकारियों को कार्यवाही करने को कहा। इसके बाद महिला पुलिस ने बच्ची का शुक्रवार देर रात मेडिकल करवाया। बच्ची का मेडिकल करवाने के बाद पुलिस ने उसके पिता और ताऊ के लड़के के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
एक 11-12 साल की बच्ची से बलात्कार का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता एवं उसके ताऊ के लड़के के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच जारी है, अभी तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जल्द ही उन्हें काबू किया जाएगा।
- आत्माराम, शहर थाना प्रभारी, फतेहाबाद