पंजाब की लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने यूट्यूबर रचित कौशिक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के एक मामले में एक्शन लिया है। रचित कौशिक को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फनगर से गिरफ्तार किया गया है। वह वहां शादी समारोह में परिवार के साथ हिस्सा लेने पहुंचे थे। उधर, रचित कौशिक की गिरफ्तारी सोशल मीडिया पर छाई है। सोशल मीडिया साइट एक्स पर 'रचित कौशिक किडनैप' ट्रेंडिंग में है। वहीं रचित के समर्थक हैशटैग 'जस्टिस फॉर बाबा' भी चला रहे हैं। लुधियाना के पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह चाहल ने कहा कि पुलिस ने कानून के तहत उन्हें गिरफ्तार किया है।
पुलिस कमिश्नर बोले- धार्मिक भावनाएं आहत कीं
पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह चाहल ने बताया कि 17 जनवरी को टेंपल ऑफ गॉड के पादरी आलीशा मसीह ने शिकायत दी थी कि ट्विटर हैंडल (एक्स) पर नो कनवर्जन नामक अकाऊंट से एक पोस्ट की गई थी। इसमें ईसाई समुदाय के बारे में काफी गलत लिखा गया है। उन्होंने कहा कि इस वीडियो से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
इसके बाद पुलिस ने थाना सलेम टाबरी में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके बाद लुधियाना पुलिस ने जांच की और जांच के दौरान पता चला कि यह सोशल मीडिया अकाउंट यूट्यूबर रचित कौशिक चलाता है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि रचित कौशिक ने इस अकाउंट पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले कई वीडियो पोस्ट किए हैं। इसके अलावा नफरत भरे भाषण भी हैं।
यूट्यूब बंद कर चुका दो अकाउंट
पुलिस ने यह भी जानकारी दी है कि हेट स्पीच की वजह से यूट्यूब रचित कौशिक के दो अकाउंट बंद भी कर चुका है। जांच और सभी सबूत जुटाने के बाद उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट लिया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि रचित कौशिक उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर इलाके में है। जहां स्थानीय पुलिस को लेकर उसे गिरफ्तार किया गया है। अब उससे पूछताछ की जा रही है। दूसरी तरफ, सोशल मीडिया पर रचित के समर्थन में भी लोग पोस्ट करने में जुटे हैं। समर्थकों का आरोप है कि पर्दाफाश करने वाले रचित कौशिक को राजनीतिक के चलते अगवा कर लिया गया है।