मनीमाजरा निवासी एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर की फेसबुक आईडी किसी विदेशी संस्था के नाम पर हैक करके 200 पौंड की फिरौती की मांग की गई है। इसकी शिकायत उन्होंने एसएसपी व साइबर सेल विभाग को दी। फिलहाल, साइबर सेल की एक स्पेशल टीम इस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
शिकायतकर्ता रिटायर्ड ब्रिगेडियर कुलदीप सिंह के अनुसार घटना एक हफ्ते पहले की है। आरोपियों द्वारा ही उनको वारदात व फिरौती की जानकारी दी गई। पहले तो उन्होंने इसको किसी की शरारत समझ अनदेखा कर दिया। लेकिन, लगातार कॉल्स आने के बाद उन्होंने शिकायत एसएसपी डा. सुखचैन सिंह गिल व साइबर सेल विभाग को दी है।
ऐसे हुई वारदात की जानकारी
शिकायतकर्ता के अनुसार पिछले हफ्ते में एक विदेशी नंबर से उनको कॉल आई। लेकिन, मोबाइल चार्ज में लगाकर बाहर जाने की वजह से पिक नहीं कर पाए। दूसरे दिन भी उसी नंबर से फोन किया गया।
कॉलर ने नाम पूछा और फिर बोला कि -आपकी आइडी हैक कर ली गई है। आईडी रीलिज करवानी है तो 200 पौंड फिरौती के रूप में देना पड़ेगा। शिकायतकर्ता के अनुसार दूसरे दिन हैकर का फोन दुबारा आया। इस बार उसने पीड़ित से उनका क्रेडिट कार्ड नंबर मांगा। इस तरह से हैकर ने शिकायतकर्ता को कई कॉल्स किए।
भारत-पाकिस्तान संबंधों पर लेख
शिकायतकर्ता कुलदीप सिंह के अनुसार उसके फेसबुक आईडी पर भारत-पाकिस्तान के संबंधों पर लेख हैं। इसके अलावा वन रैंक व वन पेंशन सहित कई मुद्दों पर उन्होंने अपना विचार रखा है। उन्होंने बताया कि हैकर ने उसकी फेसबुक आईडी से गलत पोस्टिंग करनी शुरू कर दी है।
साइबर सेल ने फेसबुक से मांगी मदद
साइबर सेल विभाग ने फेसबुक को लेटर लिखकर मदद मांगी है। साइबर सेल ने फेसबुक से कहा है कि शिकायतकर्ता का फेसबुक आईडी कहां पर हैक की गई है, लोकेशन बताया जाए। इससे मामले की जांच में मदद मिलेगी।
1997 में लखनऊ से हुए रिटायर
कुलदीप सिंह के अनुसार वह सन 1997 में लखनऊ पोस्टिंग केबाद वह रिटायर हुए थे। लखनऊ स्थित डिप्टी डायरेक्टर एनसीसी में ब्रिगेडियर के पद पर कार्यरत थे।
कोट्स
मेरी फेसबुक आईडी किसी ने हैक करके 200 पौंड की फिरौती मांग रहा है। इसकी शिकायत एसएसपी व साइबर सेल विभाग को दी है। पुलिस अपनी जांच में लगी है।
कुलदीप सिंह, रिटायर्ड ब्रिगेडियर, शिकायतकर्ता
कोट्स
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत साइबर सेल की एक स्पेशल टीम जांच के लिए बना दी गई है। इसके अलावा फेसबुक से भी मदद मांगी गई है। फिलहाल, जांच जारी है।
दीपक यादव
डीएसपी, साइबर सेल विभाग