भारत-पाक सीमा पर तैनात बीएसएफ की 191 बटालियन के जवानों और पाक तस्करों के बीच बुधवार रात करीब दो बजे भीषण गोलीबारी हुई। इस दौरान तस्करी की खेप लेने गए खेमकरण निवासी एक तस्कर को बीएसएफ ने मार गिराया, जबकि उसके एक साथी को काबू कर लिया गया।
बुधवार रात दो बजे रत्तके चौकी के करीब बुर्जी नंबर 167-9 के पास पाकिस्तान की तरफ से हरकत होती देखी गई। बीएसएफ के जवानों ने चेतावनी दी तो पाक के तस्करों ने बीएसएफ पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। इसके जवाब में बीएसएफ ने एक दर्जन गोलियां दागी।
कंटीली तार के पास भारतीय क्षेत्र में घूम रहे तीन तस्करों में से एक को तीन गोलियां लगी। अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। उसकी पहचान काला सिंह निवासी मोहन बसंती खेमकरण के रूप में हुई। काला ने मरने से पहले अपने दो साथियों की पहचान गुरदयाल सिंह निवासी चक्कवालिया और जस्सा सिंह पुत्र राज सिंह निवासी रत्तोके के रूप में की।
बीएसएफ ने काला के एक साथी को हिरासत में ले लिया है, लेकिन आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है। बीएसएफ के इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र ने थाना खेमकरण में एफआईआर दर्ज करवाई है।
बीएसएफ के कमांडेंट वाइपी सिंह ने घटना की पुष्टि की और कहा कि मारे गए तस्कर के सभी साथी जल्दी ही पकड़ लिए जाएंगे।